पानी की समस्या होने पर खिरनी गेट पुलिस चौकी के पास जाम लगाकर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : samvad
पेयजल आपूर्ति ठप होने से नाराज वार्ड नंबर 18 के कृष्ण विहार गली नंबर छह के लोगों ने पहले क्षेत्रीय पार्षद अगनलाल सेठी का घेराव किया, फिर आगरा रोड पर जाम लगा दिया। महिलाओं का कहना था कि मासूम बच्चों को भी पानी ढोना पड़ रहा है, जिससे उनके हाथों में छाले पड़ गए हैं।
महिलाओं का कहना है कि रोजाना पानी की तलाश में भटकना उनकी मजबूरी बन गया है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि उनकी पीड़ा सुनने को तैयार नहीं हैं। क्षेत्र में पिछले दो महीने से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। पीने के पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता है।
महिलाओं ने बताया कि कई बार पार्षद और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन के लिए मजबूर होंगी। पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रहना किसी मानवीय संकट से कम नहीं है। इसका सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर पड़ रहा है।
हंगामे के बाद शुरू हुई पाइप लाइन की मरम्मत
आगरा रोड पर काफी देर तक चले हंगामे के बाद प्रशासन ने पानी का टैंकर भेजा और पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कराया, तब जाकर लोगों ने जाम समाप्त किया। जाम लगने से आगरा रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी के युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रुद्रा पंडित ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।