जिला अस्पताल की इमरजेंसी के पास मिला डेंगू का लार्वा
- फोटो : Dig vishal
मलखान सिंह जिला अस्पताल में आने वाले डेंगू के मरीज भला कैसे सही होंगे। बुधवार को मलेरिया विभाग की टीम को निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल की इमरजेंसी के पास ही डेंगू का लार्वा मिला। जिसे तत्काल नष्ट कराया गया। इसके अलावा शहर में 12 अन्य स्थानों पर डेंगू का लार्वा पाया गया। जिला मलेरिया अधिकारी के नेतृत्व में शहर में विभिन्न स्थानों पर 10 टीमें भेजकर वहां डेंगू के लार्वा की तलाश की गई और एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया गया।
अमर उजाला ने समय समय पर मलखान सिंह जिला अस्पताल में साफ सफाई और हाईजीन की समस्या को उजागर करते हुए यहां पर संक्रामक रोगों के लिए अनुकूल स्थितियां होने की बात कही थी। इस बात की पुष्टि बुधवार को हुई।
बुधवार को जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में मलेरिया विभाग की टीम जिला अस्पताल पहुंची। यहां पर इमरजेंसी में ही डेंगू का विशेष वार्ड बनाया गया है। जबकि इमरजेंसी के बाहर ही नाली में भरे पानी में डेंगू का लार्वा पाया गया।
इसके अलावा अस्पताल में मोर्चरी की साइड बेहद गंदगी पड़ी मिली। शहर में जिन इलाकों में टीम लार्वा की तलाश की उनमें नगला मसानी, सुरेंद्र नगर, गोविंद पार्क, गंभीरपुरा, महेंद्र नगर, पटेल नगर, सराय लबरिया चौक, कावेरी एनक्लेव, रेलवे क्वार्टर, सारसौल, सूतमिल आदि इलाके शामिल हैं।
यहां पर टीम ने 117 घर चेक किए। इनमें 160 कूलर, 146 फ्रिज, 180 अन्य पात्रों का निरीक्षण किया। इसमें 9 कूलर, एक फ्रिज व दो अन्य पात्रों में डेंगू का लार्वा मिला। टीमों ने सभी इलाकों में डेंगू रोधी दवा पायरेथ्राम का छिड़काव किया है।