गांव अहक में फैली बीमारी की खबर पर सोमवार की सुबह जवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम गांव पहुंची। इस दौरान गांव के 25 घरों के अंदर कूलरों में डेंगू मच्छर का लार्वा मिला जिसे एंटी लार्वा का छिड़काव कराकर नष्ट कराया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अंकित सिंह ने बताया कि गांव में शिविर लगाकर डॉक्टरों ने 305 मरीजों को चेक किया। अधिकांश मरीज बुखार, खांसी और खुजली से पीड़ित मिले। गांव में 80 मरीजों के सैंपल लिए गए। इनमें से 28 सैंपल जांच के लिए मलखान सिंह जिला अस्पताल भेजे गए हैं।
सीएचसी अधीक्षक के अनुसार गांव के 25 घरों में डेंगू का लार्वा मिला है। सोमवार को पूरे गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया है।एक-दो दिन में जिला मुख्यालय से लार्वा स्पेशलिस्ट टीम भी गांव अहक पहुंचेगी।
खंड विकास अधिकारी से भी कहा गया है कि गांव में जहां-जहां भी गंदगी है उसे साफ कराया जाए। स्वास्थ्य टीम में डॉक्टर एमए मलिक, डॉक्टर ओमप्रकाश, महर्षि अग्निहोत्री, सूफियान, पूजा यादव, नीरेश कुमार, कुमारी पूनम, सुमन देवी, आशा देवी शामिल रहीं।