कस्बे के लोगों ने अलीगढ़ से चंडौस तक दो ई-बसें चलवाने की मांग की है। सांसद सतीश गौतम, बरौली विधायक ठा. जयवीर सिंह व खैर विधायक सुरेंद्र दिलेर से इसके लिए पैरवी करने की मांग की गई है।
स्थानीय लोगों ने कहा है कि जो ई-बस अलीगढ़ से गभाना टोल तक चलाई जा रहीं हैं, उनको चंडौस तक संचालित करा दिया जाए। जिससे कस्बे के लोगो को अलीगढ़ आने-जाने में सुविधाजनक संसाधन मिल सके। मांग करने वालों में चेयरमैन डाॅ. डीएस भारती, डाॅ. धर्मवीर सिंह चौहान, प्रदीप माहेशवरी, कृष्णकुमार शर्मा, गणेशदत्त शर्मा, विनोद शर्मा, विनोद गुप्ता, विक्की वर्मा, राजेश अग्रवाल, नवनीत माहेशवरी, नरेंद्र सारस्वत, अनिल गुप्ता और छत्रपाल शर्मा आदि हैं। संवाद
ब्लॉक और तहसील से शहर तक चलेंगी बसें
रोडवेज ने जिले के सभी 12 ब्लॉक व पांच तहसील मुख्यालयों से शहर तक बसों के संचालन की योजना बनाई है। इससे ग्रामीण यात्रियों को आवागमन में आसानी होगी। लंबे समय से ग्रामीण ब्लाॅक से तहसील व जिला मुख्यालय तक बस संचालन की मांग करते आ रहे हैं। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि कुछ नई रोडवेज बसों के साथ ई-बसें भी मिलने जा रही हैं। अगस्त तक यह बसें अलीगढ़ परिक्षेत्र को मिलने की उम्मीद है। इसके बाद चंडौस सहित अन्य ग्रामीण अंचल की समस्या दूर हो जाएगी।