एएमयू में छात्रसंघ चुनाव की मांग पर चल रहे आंदोलन में बुधवार को अचानक नजारा कुछ फिल्मी हो गया। धरना स्थल की ओर लोगों की नजरें उस वक्त ठहर गईं, जब तीन छात्र एक-दूसरे के कंधों पर सवार होकर वहां पहुंचे। सिर से चेहरे तक पट्टी बंधी थी और अंदाज फिल्म जवान के चर्चित लुक जैसा था।
कंधों पर बैठे छात्र आगे बढ़ते रहे और नीचे खड़े साथी उन्हें संभालते रहे। कुछ कदम आगे बढ़ने के बाद जब वह धरना स्थल पर पहुंचे तो आसपास मौजूद छात्रों और लोगों का ध्यान उनकी ओर खिंच गया। किसी ने मोबाइल निकालकर तस्वीरें बनाईं तो कोई इस अनोखे अंदाज को देखता रहा।
तीनों छात्रों ने चेहरे पर पट्टी बांधकर अपना प्रदर्शन जारी रखा। वह फिल्म जवान में अभिनेता शाहरुख खान सरीखे दिख रहे थे। इस बीच एक अन्य छात्र चेहरे पर मास्क लगाए धरना स्थल पर पहुंचा। कुछ ही देर में आंदोलन का यह दृश्य चर्चा का विषय बन गया।
वहीं, छात्र कक्षाओं का भी बहिष्कार कर रहे हैं।
जो पढ़ना चाहते हैं, उन्हें पर रोका जा रहा है। इस संबंध में प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान ने बताया कि छात्रों को कक्षा से रोकने वाले छात्रों को चिह्नित किया जा रहा है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रॉक्टर की तुलना हिटलर से की : धरना स्थल पर छात्रों ने एक होर्डिंग लगाया है, जिसमें प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद अली खान और जर्मनी के तानाशाह एडोल्फ हिटलर की तस्वीर अगल-बगल है। होर्डिंग में दोनों तस्वीरों के नीचे डिक्टेटर लिखा गया है।
प्रॉक्टर की तस्वीर पर हिटलर जैसी मूंछें भी बनाई गई हैं। छात्रों ने इस होर्डिंग के जरिये प्रॉक्टर के प्रति अपना विरोध जताया है। प्राॅक्टर के खिलाफ नारेबाजी की।