टप्पल थाना क्षेत्र के गांव नगलिया जड़ाना के लोग करीब 15 वर्षों से जनप्रतिनिधियों से डेढ किलोमीटर के कच्चे रास्ते पर पक्का कराने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है चुनावों में उनसे केवल वादा किया जाता है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं। नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं हुआ तो वे पंचायत चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
इसी गांव के यतेंद्र कुमार शर्मा उर्फ शेंकी का कहना है कि यह कच्चा मार्ग गांव को सालपुर मार्ग से जोड़ता है और इसी रास्ते से बच्चे दो इंटर कॉलेज व एक प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने जाते हैं। बरसात के दौरान सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, खराब रास्ते के कारण दो बार स्कूल बस भी पलट चुकी है। बसीर खां, सुभाष शर्मा समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि चुनाव के समय नेता वादे तो करते हैं, लेकिन जीतने के बाद समस्या भूल जाते हैं।
उन्होंने कहा कि छह महीने पहले सांसद सतीश गौतम के सामने भी यह मुद्दा उठाया गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। ग्राम प्रधान शीतल देवी ने बताया कि हमने सांसद सतीश गौतम और भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह को भी लिखित में शिकायत पत्र देकर इस समस्या से अवगत कराया है।