टीकाराम कन्या महाविद्यालय में विभागाध्यक्षों के साथ बैठक करतीं प्रिंसिपल डॉ. लकी।
- फोटो : CITY OFFICE
कोरोना को लेकर शहर के तीनों वित्त पोषित अशासकीय महाविद्यालय सोमवार को एहतियात के साथ खुलेंगे। जिन बच्चों के पाठ्यक्रम पूरे हो चुके हैं। उनकी कक्षाएं बंद कर दी जाएंगी। जिनका पाठ्यक्त्रस्म अधूरा रह गया है, उनकी कक्षाएं सीमित संख्या में चलाई जाएंगी। यह जानकारी तीनों कॉलेजों के प्राचार्यों ने दी है। बताया कि विभागाध्यक्षों की बैठक के बाद निर्णय लिया जाएगा। शनिवार तक विस्तृत प्लान तैयार कर लिया जाएगा। गौरतलब हो कि कॉलेज खोलने या बंद करने का निर्णय कुलपति प्रो. अशोक मित्तल ने प्राचार्यों पर छोड़ दिया है।
श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को प्राचार्य डॉ. लकी गुप्ता ने विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। यहां पाठ्यक्रम पूरा होने की जानकारी मांगी गई। डॉ. लकी गुप्ता ने बताया कि शनिवार तक यह सुनिश्चित कर लेंगे कि कौन सी कक्षाएं चलानी हैं और कौन सी नहीं। इसके बाद सीमित संख्या में छात्राओं को सोमवार से बुलाया जाएगा। प्रयास रहेगा कि ऑनलाइन शिक्षा भी शुरू कर दी जाए।
डीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेम प्रकाश व श्री वार्ष्णेय कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि शुक्रवार को सभी विभागाध्यक्षों की बैठक बुलाई है। बैठक में यह पता किया जाएगा कि कौन कौन से पाठ्यक्रम पूरे हो गए हैं। ऐसे विद्यार्थियों की कक्षाओं को सोमवार से बंद कर दिया जाएगा। वहीं जिनके पाठ्यक्रम पूरे नहीं हुए हैं। उन्हें सीमित संख्या में कॉलेज बुलाएंगे। तीनों प्राचार्यों का कहना था कि कोरोना संक्रमण काल का प्रसार तेजी से हो रहा है। इसीलिए यह प्रयास रहेगा कि कॉलेज में सीमित संख्या में ही विद्यार्थी आएं, जिनके पाठ्यक्रम पूरे हो गए हैं। उन्हें परीक्षा की तैयारी के लिए छुट्टी दे दी जाएगी।