अंडला में डिफेंस कॉरिडोर के लिए जिला प्रशासन अब 60 हेक्टेयर जमीन और अधिग्रहण करने की योजना बना रहा है। शुक्रवार को डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने डिफेंस कॉरिडोर के संबंध में बैठक की। बैठक में यह बात सामने आई कि उद्यमी इस प्रोजेक्ट को लेकर खुश हैं। वह यहां और निवेश करना चाहते हैं। इस पर तय हुआ कि जल्द ही प्रशासन अंडला से सटे गांव में 60 हेक्टेयर और जमीन की तलाश कर सर्किल रेट से दोगुने मुआवजे पर उक्त जमीन की खरीद करेगा और यूपीडा को हस्तांतरित करेगा।
प्रशासन ने हाल ही में 10 हेक्टेयर जमीन और चिन्हित की है। इस जमीन को अंडला से सटे लोधा ब्लाक के गांव कीरथपुर नीवना में तलाशा गया है। विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी संजीव ओझा ने इसको लेकर यूपीडा को जमीन की सहमति/अनुमति का प्रस्ताव भेजा है। पिछले हफ्ते ही प्रशासन ने करसुआ में 1.041 हेक्टेयर भूमि और क्रय करने का मसौदा तैयार किया था। यह भूमि छह किसानों की है। इसे 2.81 करोड़ में खरीदना तय हुआ था। अभी तक डिफेंस कॉरिडोर नेड-1 के लिए अंडला में 96 हेक्टेयर से अधिक जमीन जिला प्रशासन ने यूपीडा के नाम कराई है। इस जमीन का आवंटन भी कंपनियों को शुरू हो गया है। शासन की मंशा के अनुसार प्रशासन अलीगढ़ नेड को 200 हेक्टेयर में बसाने की प्लानिंग पर काम कर रहा है। इसी प्रक्रिया के लिए यह भूमि चिन्हित की जा रही है। इस कॉरिडोर के जरिये में जिले में विकास व रोजगार का मार्ग प्रशस्त होगा। इसमें ढाई हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। एडीएम प्रशासन देवी प्रसाद पाल ने बताया कि जिला प्रशासन ने 60 हेक्टेयर और जमीन तलाश का प्लान तैयार किया है। जल्द ही इस पर अमल किया जाएगा।