दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय के इकलौते शल्य चिकित्सक कोरोना संक्रमित होने के कारण चार दिन से अस्पताल में मरीजों की सर्जरी नहीं हो पा रही है। इस वजह से मरीजों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है। कुछ मरीज तो प्राइवेट अस्पतालों में सर्जरी कराने के लिए मजबूूर हो रहे हैं।
दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ.अनुपम भाष्कर के अनुसार चार दिन पहले उनके यहां तैनात इकलौते शल्य चिकित्सक कोरोना संक्रमित पाए गए। तभी से वह आइसोलेशन में हैं और उपचार करा रहे हैं। हालांकि अन्य सहयोगी चिकित्सकों के सहयोग से कुछ मरीजों की छोटी सर्जरी कराई जा रही है। उम्मीद है कि इस सप्ताह में उनके सही होकर आने पर फिर से काम पटरी पर आएगा।
कहीं जिला अस्पताल में न हो जाए बाल रोग विशेषज्ञ विहीन
जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके स्थान पर डा. वैभव जैन को बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में तैनात किया है। यदि इन चिकित्सक ने 31 मई को कार्यभार ग्रहण नहीं किया तो जिला अस्पताल बाल रोग विशेषज्ञ विहीन हो सकता है। जबकि इन दिनों मौसमी बीमारी के कारण बच्चे ज्यादा भर्ती हो रहे हैं और ओपीडी में भी उन्हीं की संख्या अधिक है।
जिला अस्पताल में इकलौते बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.बी लाल लंबे समय से सेवाएं दे रहे थे। वे मंगलवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन पहले से दुविधा में है और लगातार प्रयास किया जा रहा है कि उनके सेवानिवृत्त होने से पहले नई की तैनाती हो जाए। इसे लेकर अभी तक बस इतना आदेश आया है कि मंगलवार को यहां डॉ. वैभव जैन को नए बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में तैनात किया जा रहा है। सीएमएस डॉ.ईश्वर देवी बताती हैं कि उनका प्रयास पहले से किसी विशेषज्ञ की तैनाती का रहा। अब आदेश आया है कि नए डॉक्टर मंगलवार को आएंगे। उनके आने पर ही तस्वीर साफ होगी। अगर नहीं आए तो बच्चों के उपचार में यहां दिक्कत होगी। इसके अलावा एक दंत चिकित्सक की तैनाती के भी आदेश हुए हैं।