पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय स्थित प्रयोगशाला में पिछले चार महीने में 40 हजार से अधिक आरटीपीसीआर जांच हुई हैं, जो प्रदेश में कोरोना काल में स्थापित 8 नई प्रयोगशालाओं में सर्वाधिक है। दूसरे नंबर पर वाराणसी है। पहले एवं दूसरे नंबर के बीच 10 हजार से अधिक जांचों का अंतर है।
कोरोना काल में प्रदेश में स्थापित 8 नई प्रयोगशालाओं में सबसे अधिक जांच अलीगढ़ में हो रही है। 27 नवंबर को यहां 916 नमूनों की रिकार्ड जांच की गई। यह एक दिन की सर्वाधिक संख्या है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 11 जुलाई को अलीगढ़ के अतिरिक्त लखनऊ, वाराणसी, मिर्जापुर, गोंडा, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद में कोरोना की जांच के लिए आरटीपीसीआर लैब का ऑनलाइन शुभारंभ किया था। 21-22 जुलाई से यहां जांच प्रारंभ कर दी गई थी।
पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय स्थित लैब आरटीपीसीआर जांच में शुरू से ही शीर्ष स्थान पर है। यह गर्व की बात है। पहले स्थान पर अलीगढ़ और दूसरे स्थान पर वाराणसी है। अलीगढ़ एवं वाराणसी के बीच 10 हजार से अधिक का अंतर है। - डॉ. बीपी सिंह कल्याणी, सीएमओ
प्रयोगशाला के 16 लोगों के अथक परिश्रम का परिणाम है कि 4 महीने में 40 हजार जांचें हुईं। लोगों से आग्रह है कि मास्क पहने, सामाजिक दूरी का पालन करें ताकि जल्द से जल्द जिला कोरोना से मुक्त हो। - डॉ. सुमित, माइक्रोबायोलॉजिस्ट, पं. दीनदयाल अस्पताल लैब
जेएन मेडिकल कॉलेज से चंद कदम पीछे
पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय स्थित लैब में 27 नवंबर 2020 को रिकार्ड 916 लोगों के नमूनों की जांच की गई। उसी दिन जेएन मेडिकल कॉलेज की लैब में 974 लोगों की जांच हुई। गौर करने की बात यह है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय स्थित लैब की क्षमता 300 जांच की है, जबकि जेएन मेडिकल कॉलेज स्थित लैब की क्षमता प्रतिदिन 1200 है।