गांव सफेदपुरा के मृत व्यक्ति की रामघाट रोड के किनारे बेशकीमती जमीन को फर्जी दस्तावेज और जमीन मालिक दिखाकर बेच देने पर एसएसपी के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले के वादी व पर्यावरणविद रंजन राना ने करीब 11 महीने पहले थाने में शिकायत की थी। कार्रवाई न होने पर एसएसपी से मुलाकात की थी।
थाना बन्नादेवी क्षेत्र के आईटीआई रोड निवासी रंजन राना ने बताया कि सफेदपुरा के टीका पुत्र रूपा की साधूआश्रम के पास सड़क किनारे 580 वर्गमीटर बेशकीमती जमीन है। टीका की मृत्यु हो चुकी है, जबकि एक फर्जी व्यक्ति को टीका बताकर और टीका के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर बीते साल भूमाफियाओं ने 04 सितंबर 2025 को जमीन बेच दी। इसका बैनामा अतरौली के चाऊपुर हौज निवासी सचिन गौड़ के नाम किया गया। राना का दावा है कि फर्जी तरीके से किए गए बैनामे में 7,30,000 रुपये नकद लेनदेन व फर्जी मोबाइल नंबर का प्रयोग किया गया। इस धोखाधड़ी में सचिन गौड़, बैनामा कर्ता व गवाहों के साथ कुछ स्थानीय लोगों भी शामिल हैं। एसएचओ जोगेंद्र सिंह ने बताया कि यह कृत्य गंभीर प्रकृति का अपराध है। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।