घर पर बेटी को देखने लोग आए हुए थे, परिवार वाले खातिरदारी में लगे हुए थे। तभी अचानक पिता के शव मिलने की खबर आई। जिसे सुनकर सब दंग रह गए। सभी घटनास्थल पर पहुंच गए।
अकराबाद में नानऊ-पिलखना मार्ग पर गांव नगला रिसालदार के पास सड़क किनारे खंती में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। खास बात यह है कि घर पर जिस समय सूचना पहुंची, उस समय मृतक की बेटी को रिश्ते के लिए देखने कुछ लोग उनके घर पर ही मौजूद थे और परिवार वाले उनकी खातिरदारी कर रहे थे। खबर पाते ही परिवार वाले रोते हुए मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
गांव शेखा निवासी सिकंदर के अनुसार उनके साले मनीराम पुत्र नत्थूराम की बेटी ज्योति का रिश्ता तय कर करने के लिए कुछ रिश्तेदार 18 मार्च को पहुंचे थे। उनकी खातिरदारी के लिए मनीराम नानऊ बाजार से कुछ सामान खरीदने गए थे। शाम करीब चार बजे पुलिस के जरिये खबर मिली कि गांव नगला रिसालदार के पास सड़क किनारे खंती में मनीराम का शव पड़ा है। इस पर रोते हुए परिवार वालों के साथ गांव वाले भी भागकर मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक अपने पीछे पत्नी वर्षा देवी सहित पांच बच्चों विकास, मनीष, मटरू, अंकुश और बेटी ज्योति को रोता छोड़ गए हैं। थाना प्रभारी ऋषिपाल कसाना के अनुसार प्रथम दृष्टया जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सही कारण पता चल सकेगा।