लापता ताला कारोबारी 53 वर्षीय अशोक कुमार शर्मा का सोमवार की सुबह तालानगरी में कार में लहूलुहान हालत में शव बरामद हुआ है। सिर से खून बह रहा था। दाएं हाथ में रिवाल्वर फंसा था। वहां से निकल रहे भाजपा नेता सुनील शर्मा ने कार में शव देखकर थानाध्यक्ष को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार वाली जगह को सील कर दिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस आत्महत्या का मामला मान रही है। उधर घटना को लेकर परिवार वाले सकते में हैं।
तालानगरी में स्टेट बैंक के समीप सर्विस रोड पर खड़ी सेंट्रो कार की चालक सीट पर ताला कारोबारी अशोक कुमार शर्मा का शव पड़ा था। मूल रूप से सिकंदराराऊ तहसील के गांव पोरा निवासी अशोक कुमार शर्मा कई दशक पहले अपने पिता के साथ अलीगढ़ शहर के संजय गांधी कालोनी रावण टीला थाना क्वार्सी में आकर बस गए थे। यहीं से उन्होंने अपना तालों का कारोबार शुरू किया। उनके छोटे भाई संजय शर्मा व पुत्र विशाल शर्मा कारोबार में मदद करते थे। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा व बेटी है। दोनों शादीशुदा हैं।
पुत्र विशाल शर्मा के अनुसार तालानगरी में नोवा लॉक के नाम से उनकी ताला फैक्टरी है। रविवार रात करीब आठ बजे उनके पिता घर से कार लेकर निकले थे जिसके बाद से लापता थे। देर रात तक न लौटने पर खोजबीन की गई। पता न चलने पर क्वार्सी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बदहवास हालत में परिवार वाले इस घटना को लेकर फिलहाल कुछ कहने की स्थिति में नहीं थे। फोरेंसिक टीम ने परिवार वालों की मौजूदगी में कार को खोलकर शव और कार से साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। बाकी सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर सामने आएगी। सार्विलांस टीम भी काम कर रही है।
-रितेश कुमार, एसओ हरदुआगंज।