प्रदेश के पूर्व मंत्री और रालोद विधान मंडल दल के नेता ठा. दलवीर सिंह विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ कमिश्नर के यहां एडीए कॉलोनी के आम रास्ते पर गेट चढ़ाकर रास्ता बंद करने और सड़क किनारे ही टायलेट और नियम विरुद्घ पुलिस सुरक्षा कक्ष बनाने की शिकायत की गई है। कमिश्नर ने इस मामले में एडीए वीसी से नियमानुसार कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। वहीं वीसी ने सचिव से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की है। रालोद विधायक ने आरोपों को निराधार बताते हुए नियमानुसार ही निर्माण कराने की बात कही है।
कुछ दिन पहले कमिश्नर के यहां शिकायत पहुंची थी कि रालोद विधायक ने अलीगढ़ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के आवास से चंद कदमों की दूरी पर स्थित कोठी के बगल की रोड पर कब्जा कर लिया है। इस आम रास्ते पर गेट चढ़ा कर रास्ता बंद करा दिया है। निज आगुंतकों के लिए सार्वजनिक स्थल पर टायलेट बनवा दिए है। टायलेट के बगल में ही पुलिस सुरक्षा कक्ष का निर्माण कर लिया है। विधायक ने कोठी ओर पार्क के बीच के रास्ते पर टिन शेड डलवा दिया है। रास्ता बंद होने से कॉलोनी में रहने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है। कमिश्नर ने एडीए वीसी को नियमानुसार कार्रवाई करने को लिखा है। वीसी ने एडीए सचिव से रिपोर्ट मांगी है।