थाना क्षेत्र में गोपी भिलावली रोड पर गांव बमनोई के पास मंगलवार की सुबह दवा लेने जा रहे एक साइकिल सवार व्यक्ति को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव बमनोई निवासी किशन पाल सिंह पुत्र रोहन सिंह मंगलवार की सुबह अपने घर से साइकिल पर सवार होकर गोपी से दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान गांव से कुछ दूर निकलते ही रजबहा पुल के पास कोई अज्ञात वाहन उसकी साइकिल में टक्कर मारकर भाग गया। वाहन की टक्कर लगने से 50 वर्षीय किशनपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजनों के साथ गांव के तमाम लोग मौके पर एकत्रित हो गए। जहां से लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली तथा मृतक के शव की पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक ने अपने पीछे पत्नी राजकुमारी एवं चार बच्चे दिनेश, संगीता, कविता व भूरा को रोते बिलखते छोड़ा है। संवाद