खेतों के ऊपर से जा रहे बिजली के तार किसानों ने के लिए आफत बन रहे हैं। हवा में झूल रहे तार आपस में चिपक जाते हैं और फॉल्ट होने से चिंगारी फसल पर गिर जाती है। जिससे फसलें जल कर राख हो रही हैं। इसके साथ ही किसानों के सपने भी जलकर राख हो रहे हैं।
17 अप्रैल की सुबह अकराबाद के गांव रोहिना सिंहपुर में तारों के टकराने से निकली चिंगारी नीचे गेहूं की फसल पर गिरी। इससे चार किसानों की करीब 13 बीघे फसल जल गई। वहीं आग बुझाने की कोशिश में दो किसान भी झुलस गए। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
ग्रामीणों के अनुसार बिजली के तार काफी पुराने और जर्जर हैं। सुबह करीब नौ बजे यह तार आपस में टकराए जिससे निकली चिंगारी नीचे गेहूं की फसल पर गिरी। इससे आग लग गई। फसल में लगी आग देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ट्रैक्टर आदि के जरिये आग बुझाने की कोशिश की लेकिन हवा के साथ भड़की आग दूसरे खेतों में खड़ी फसल में फैलती चली गई।
इसी दौरान आग बुझाने की कोशिश कर रहे किसान पंकज पुत्र गुड्डू राघव और निर्वेश पुत्र गौतम उपाध्याय झुलस गए। ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी तो अकराबाद से दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों ने बताया आग लगने से किसान राजेंद्र-देवेंद्र पुत्रगण नेत्रपाल सिंह के तीन-तीन बीघा और सावित्री व पवन पुत्र सुरेंद्र सिंह के सात बीघा खेत की फसल जल गई।