दिल्ली से कानपुर जा रही शताब्दी सेवा की निजी वोल्वो बस यमुना एक्सप्रेस वे पर मथुरा बॉर्डर के गांव देवाका के पास शुक्रवार रात 12:50 बजे ट्रक को टक्कर मारते हुए हाईवे से लटक गई। इस दुर्घटना में बस में ही सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जन भर यात्री जख्मी हो गए।
टप्पल क्षेत्र में मध्य रात करीब एक बजे हुई दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसे घायलों को निकलवाते हुए नोएडा के कैलाश हॉस्पिटल भिजवाया। जहां से चार मृत यात्रियों के शव शनिवार शाम पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजे गए। इस दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है।
वाकये के अनुसार शताब्दी सेवा के नाम से निजी वोल्वो बसें दिल्ली कानपुर व दिल्ली लखनऊ के बीच संचालित हो रही हैं। इसी सेवा की दिल्ली से कानपुर जा रही बस रात करीब 12:50 बजे टप्पल से आगे मथुरा बॉर्डर के 56वें किलोमीटर पर गांव देवाका के आसपास पहुंची, तभी एक नंबर लेन में चल रहे बस चालक ने एक्सप्रेस वे की दो नंबर लेन में चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। अचानक अनियंत्रित बस ने ट्रक के ड्राइवर साइड के हिस्से में जबरदस्त टक्कर मारी। इस टक्कर में ट्रक पूरा घूम गया और उसका पिछला हिस्साबस में जा घुसा और हाईवे पर पलट गया। इसके बाद अनियंत्रित बस रैलिंग तोड़ते हुए हाईवे से एक साइड में लटक गई। बस में सवार यात्रियों में चीख पुकारमचने लगी। तभी अन्य राहगीरों की खबर पर एक्सप्रेस वे सुरक्षा वैन के अलावा एंबुलेंस व टप्पल पुलिस इंस्पेक्टर संजय पांडेय की अगुवाई में पहुंच गई।
बस में फंसे यात्रियों व अन्य लोगों को बाहर निकाला। जिनमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में आलोक पांडेय पुत्र दिनेश चंद पांडेय निवासी जवाहर नगर, विधूना, औरैया, आदित्य गोयल पुत्र सतीश गोयल निवासी 3/8 नवशील अपार्टमेंट, 56 कैंट, कानपुर, अवधेश कुमार शुक्ला पुत्र अशोक कुमार शुक्ला निवासी फक्कड़ कुटी हमीरपुर शामिल थे। इसके अलावा योगेश पुत्र राजरूप सिंह निवासी ग्राम दतावली थाना मटसेना जिला फिरोजाबाद को कैलाश हॉस्पिटल में मृत घोषित किया गया।
शनिवार शाम साढ़े चार बजे टप्पल पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कैलाश हॉस्पिटल से जिला मुख्यालय भिजवाया है। पुलिस द्वारा कैलाश हॉस्पिटल नोएडा में भर्ती कराए गए घायलों में अरविंद पुत्र ब्रजेश अग्निहोत्री निवासी कंचनपुर कानपुर, विवेक कटियार पुत्र मुकेश कटियार निवासी बस स्टाप आजाद नगर बिल्हौर, आशुतोष पुत्र रामसेवक निवासी अतरौली कलां भुरकुंश चुनार मिर्जापुर, उपदेश गुप्ता पुत्र रमेश चंद्र निवासी कब्बाखेड़ा उन्नाव, अजय पुत्र राधेश्याम निवासी गड़वाह कानपुर नगर, सुरेंद्र सिंह पुत्र शंकरलाल निवासी नदौरा थाना डॉकी आगरा, विकास पुत्र उमाशंकर निवासी कट्ठीपुर कानपुर नगर, प्रदीप पुत्र राजपथ निवासी दतावली फिरोजाबाद, प्रियांशू पुत्र सिहिनाय दुबे निवासी फर्श कानपुर, आशीष पांडेय पुत्र दिनेश चंद्र पांडेय निवासी जवाहर नगर विधूना आदि हैं। पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई। मृतकों व घायलों के परिजन पहुंच गए हैं।