लिंग परीक्षण में फंसे डाक्टर दंपति के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट
- फोटो : file photo
भ्रूण लिंग परीक्षण के आरोप में फंसे जीवन हॉस्पिटल के डॉ. जयंत शर्मा और डॉ. दिव्या चौधरी के खिलाफ राजस्थान के सीकर कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।
16 अक्तूबर को एक छापामार कार्रवाई के दौरान राजस्थान के पीसीपीएनडीटी सेल ने जीवन हास्पिटल में भ्रूण लिंग परीक्षण होना पाया था। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई और तीन दलालों को भी गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें सेल द्वारा सीकर की अदालत में पेश किया गया था।
राजस्थान की पुलिस डॉक्टर दंपति को भी गिरफ्तार कर ले जाना चाहती थी, लेकिन भाजपा के दो विधायकों के दबाव के चलते ऐसा नहीं हो सका था। विधायकों ने दलील दी थी कि आज तक लिंग परीक्षण के मामले में शहर में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इसलिए वह इस मामले में कोई नई बात शहर में नहीं होने देंगे। पीसीपीएनडीटी सेल के प्राधिकृत अधिकारी और आईएएस नवीन जैन ने कहा कि जल्द ही राजस्थान पुलिस की टीम अलीगढ़ भेजी जाएगी। थाना प्रभारी क्वार्सी ने बताया कि मंगलवार को कोई टीम नहीं आई। जब भी टीम आएगी तो गिरफ्तारी वारंट यहां तामील कराएगी। टीम को सहयोग किया जाएगा।