मंगलवार की शाम करीब चार बजे रामघाट रोड पर अनाज मंडी के समीप साइकिल सवार दो बच्चों को बाइक ने टक्कर मार दी। इससे दोनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े और सामने से आ रहे ट्रक के नीचे आ गए। इससे एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उधर हादसे के चार घंटे तक पुलिस बच्चों के परिजनों को खोजती रही। जानकारी होते ही बच्चों के परिवार में कोहराम मच गया।
कस्बे के मोहल्ला अहीरपाड़ा निवासी चंद्रवीर का भांजा अनिल पुत्र लोकमन (12) निवासी दिल्ली एक पखवाड़ा पहले अपने मामा का मकान बनने की जानकारी पाकर ननिहाल आया था। मंगलवार की शाम करीब चार बजे अनिल अपने ममेरे भाई राजा (4) को साइकिल पर बिठाकर रामघाट रोड से बगीची की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी जिससे अनिल और राजा सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच सामने से आ रहे ट्रक में दोनों कुचल गए।
राहगीरों व स्थानीय दुकानदारों ने दोनों को उठाकर सिपाही रवीश कुमार के साथ निजी कार से जिला अस्पताल भेजा जहां डॉक्टर ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। राजा का जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। उधर राहगीरों ने ट्रक तथा बाइक का पीछा कर दोनों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।