महानगर के रामघाट रोड निरंजनपुरी पर शनिवार देर रात बारातियों की बस से स्कूटर सवार की टक्कर के बाद बखेड़ा खड़ा हो गया। एक तरफ जहां बाराती स्कूटर सवार पर आक्रामक हो गए। वहीं पब्लिक ने बारातियों को खींचने की कोशिश की। वह तो समय पर पुलिस पहुंच गई और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। जहां समझौता हो गया।
बताया गया कि आगरा के रामबाग इलाके से बारात की बस बारात लेकर अतरौली जा रही थी। निरंजनपुरी के पास स्कूटर सवार व्यापारी पंकज कुमार बस की चपेट में आए। हालांकि उनके चोट नहीं आई, बल्कि स्कूटर क्षतिग्रस्त हो गया। इस पर बस में सवार लोग यह कहते हुए पंकज पर गुस्सा करने लगे कि उन्हें स्कूटर चलाना नहीं आता।
इस दौरान विवाद पर वहां भीड़ एकत्रित हुई और बस सवार लोगों से मारपीट की नौबत के साथ उन्हें खींचने की कोशिश होने लगी। मगर पुलिस के पहुंचने पर मसला शांत हुआ। एसओ के अनुसार थाने आने पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।