नुमाइश मैदान पर अवैध रूप से खड़े होने वाले बालू-बदरपुर के ट्रक ऑपरेटर्स के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि शुक्रवार तड़के यहां चेकिंग के दौरान भागते ट्रक के चालक ने अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय एके त्रिपाठी की गाड़ी पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान एसीएम द्वितीय बाल-बाल बच गए। बाद में चालक सारसौल चौकी के पास ट्रक छोड़कर भाग गया। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और एसीएम की तहरीर पर बन्नादेवी में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यहां सुबह डीएम के आदेश पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस घटना के बाद हरकत में आए पुलिस-प्रशासन ने आरटीओ की मदद से 69 ट्रक सीज कर नुमाइश मैदान में खड़े करा दिए गए।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि नुमाइश मैदान में बालू बदरपुर के ट्रकों की पार्किंग का ठेका न होने के बावजूद रात में सैकड़ों ट्रक अवैध रूप से खडे़ होते हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने एसीएम द्वितीय एके त्रिपाठी के नेतृत्व में आरटीओ, ट्रैफिक पुलिस, थाना बन्नादेवी एवं सिविल लाइंस पुलिस टीम के साथ शुक्रवार तड़के चेकिंग के आदेश दिए।
टीम सुबह चार बजे मौके पर पहुंच गई और उस समय वहां 100 से अधिक ट्रक एवं अन्य वाहन खड़े पाए गए। टीम ने चालकों से वाहनों के कागजात एकत्र करने शुरू किए। इस बीच सुबह पांच बजे के करीब ट्रक संख्या यूपी 81 बीटी-7853 के चालक ने अचानक अपना ट्रक दौड़ा दिया और सारसौल की ओर भागने लगा।
यह देखकर एसीएम एके त्रिपाठी ने अपनी सरकारी गाड़ी उसके पीछे लगा दी। सारसौल चौराहे पर उनकी गाड़ी ने ट्रक को रांग साइड से ओवरटेक कर आगे गाड़ी अड़ाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन जब चालक ने गाड़ी की रफ्तार कम नहीं की और गाड़ी को रौंदने की कोशिश की तो एसीएम के चालक ने तुरत बुद्धि से काम लेते हुए गाड़ी बैक कर ली।
इस बीच गभाना की ओर भागते ट्रक के मामले में एसीएम ने गभाना पुलिस को सूचना दे दी, लेकिन ट्रक चालक ने सारसौल चौकी के आगे इंडियन पेट्रोल पंप पर ट्रक खड़ा कर दिया और खुद ट्रक छोड़कर भाग गया। एसीएम ने तत्काल सारसौल चौकी व बन्नादेवी पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में बन्नादेवी थाने की लैपर्ड एवं अन्य पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। उसे बन्नादेवी थाने में खड़ा करा दिया गया है।
इंस्पेक्टर बन्नादेवी जितेंद्र दीखित के अनुसार इस मामले में एसीएम द्वितीय की ओर से दी गई तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा व टक्कर मारने की कोशिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ट्रक थाने में खड़ा है और चालक की तलाश की जा रही है।
- जिलाधिकारी के आदेश पर हो रही वाहन चेकिंग के दौरान बजरी से भरे ट्रक चालक ने यह हरकत की। वह तो चालक की सूझ-बूझ से हमारी गाड़ी बच गई, वरना दुर्घटना हो सकती थी। यह सब जानबूझकर किया गया। इस संबंध में कार्रवाई कराई गई है। बाकी ट्रकों को सीज किया गया है।
-एके त्रिपाठी, एसीएम द्वितीय