रविवार की रात करीब 9 बजे जलाली-पनैठी रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉला ने अाल्टो कार को रौंद दिया। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक घायल की मौत इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में हुई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद कार को काटकर सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को पुलिस जेएन मेडिकल कॉलेज ले गई है। इनमें से एक घायल पलवल का निवासी है। मृतकों में दो की पहचान हुई है। इनमें एक आलापुर पलवल निवासी कुलदीप है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान राजाराम नाम से हुई है।
जानकारी के अनुसार जलाली-पनैठी रोड पर अलीगढ़ की ओर दो ट्रैक्टर ट्राला ईंट लादकर जा रहे थे। दोनों ट्रैक्टर ट्राला चालक एक-दूसरे से ओवरटेक कर आगे निकलने की कोशिश में तेज गति से गाड़ी चला रहे थे। अलीगढ़ की ओर से आ रही हरियाणा के नंबर वाली एचआर 30जी- 5455 नंबर की अाल्टो कार पर एक ट्रैक्टर ट्राला चढ़ गया। ट्रैक्टर के नीचे कार बुरी दब गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। ग्रामीणों ने ईंटे खाली की। चार-पांच ट्रैक्टर व जेसीबी बुलवाकर ट्रैक्टर को खींचकर बाहर किया गया।
ग्रामीणों ने कटर से कार को काटा और अंदर से चार लोगों को बाहर निकाला। इनमें से दो की मौत हो चुकी थी जबकि दो को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया। इस दौरान एक घायल की मौत हो गई। एक घायल अजय पुत्र जगदीप हरियाणा जनपद के पलवल जिले के सतावटी थाना क्षेत्र का निवासी है। उसके परिजनों के अनुसार अजय एक कंपनी में काम करता है। कंपनी के ही कुछ मित्रों के साथ अलीगढ़ के छर्रा में दोस्त राजेश की बहन की शादी में शामिल होने गया था। जलाली-पनैठी रोड पर दो घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा और वाहन फंसे रहे।