ग्राम सिकंदरपुर कोटा में रविवार की रात बारात चढ़त के समय तमंचे से की जा रही हर्ष फायरिंग से तीन लोग घायल हो गए। इनमें से एक को गंभीर हालत में अलीगढ़ स्थित जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से परिजन इलाज के लिए दिल्ली ले गए हैं। उसके पिता की ओर से अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी गई है। घटना के बाद समारोह में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। बाद में सादे तरीके से रस्में पूरी कर दुल्हन को तड़के पांच बजे विदा कर दिया गया।
रविवार को कमल किशोर पुत्र प्रेमपाल निवासी सिकंदरपुर कोटा की बेटी की बारात ग्राम रिसालू थाना छतारी जिला बुलंदशहर से आई थी। स्वागत और भोजन के साथ ही बारात की चढ़त शुरू हुई तो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बांह में गोली लगने से दीपक (28) पुत्र साहब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके अलावा लल्ला व जीतू को भी छर्रे लगे। इससेे बारात में अफरातफरी मच गई।
समारोह में मौजूद सभी लोग इधर-उधर भागने लगे। दीपक को इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया है। घटना के बाद विवाह की रस्में किसी तरह पूरी कर तड़के पांच बजे ही दुल्हन की विदाई कर दी गई। दीपक के पिता साहब सिंह ने थाने में तहरीर दी है। जवां थानाध्यक्ष उदित जादौन ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।