शिक्षामित्रों की पिटाई का शिकार तीसरी कक्षा की छात्रा।
- फोटो : अमर उजाला
ग्राम सुनाना स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा तीन की छात्रा को महिला एवं पुरुष शिक्षामित्र ने लंच के समय एक कमरे में ले जाकर पिटाई की। इसके बाद तीन घंटे तक कमरे के अंदर बंद रखा। अपराह्न तीन बजे छुट्टी के समय किसी को इस बात की जानकारी किसी को भी न देने और बताने पर मारने की धमकी देते हुए छोड़ा। घर पहुंचकर छात्रा ने परिजनों को जानकारी दी तो वह आगबबूला हो उठे।
अगले दिन विद्यालय पहुंचे लेकिन शिक्षामित्र के न मिलने पर थाने में पहुंचकर तहरीर दी है। स्कूल के एक कमरे में बोर्ड पर शिक्षामित्रों के बारे में अभद्र शब्द लिखे थे। इन शब्दों के ऊपर ही छात्रा का नाम लिखा था, जिस पर उन्होंने छात्रा के साथ बेरहमी दिखाई।
सुनाना निवासी छात्रा पूनम पुत्री सुकेश (8) के अनुसार सोमवार को वह स्कूल पहुंची तो दोपहर में शिक्षामित्रों ने उसे बुलाया और एक कमरे में ले जाकर महिला एवं पुरुष शिक्षामित्र ने उसको बेरहमी से पीटा। वह रोती रही लेकिन दोनों को तरस नहीं आया। तीन बजे उन्होंने कमरे से बाहर निकाला और धमकी देते हुए घर जाने की इजाजत दी।
पूनम के भाई वीरेश कुमार के अनुसार मंगलवार को वह शिकायत करने स्कूल पहुंचे लेकिन शिक्षामित्र नहीं मिले, जिस पर जवां थाने में दोनों शिक्षामित्रों के खिलाफ तहरीर दी है। उधर शिक्षामित्र अजेश के अनुसार छात्रा ने शिक्षकों के खिलाफ अभद्र शब्द बोर्ड पर लिखे थे। उसे धमकाया था और डराने के लिए कमरे में बंद किया था, ताकि भविष्य में ऐसी हरकत न करे।
- बुधवार को मीटिंग में था, इसलिए जानकारी नहीं मिल पाई। गुरुवार को स्कूल पहुंचकर जांच की जाएगी। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- अनिल कुमार, खंड शिक्षाधिकारी