महानगर से सटी देहली गेट इलाके के गोंडा बाईपास की दलित आबादी वाली बस्ती शाहपुर कुतुब में 13 वर्षीय किशोरी संग गांव के ही दबंगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई है। वाकया दो दिन पुरान है। मगर पुलिस ने प्रकरण में कार्रवाई करते हुए नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है और किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
खास बात है कि मामले को पहले तो गांव में ही पंचायती माध्यम से दबाने के प्रयास किए गए। जब परिजन पुलिस तक पहुंच गए तो उन्हें डराया धमकाया भी गया। मगर पुलिस की मदद मिलने के बाद परिजनों ने राहत महसूस की।
वाकया गुरुवार देर शाम करीब छह बजे का है। मजदूर दलित परिवार से ताल्लुक रखने वाली किशोरी जंगल शौच के लिए गई थी। तभी नामजद दबंगों ने खेत में उसे दबोच लिया और खींचकर एकांत में ले गए। जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया। घटना के बाद रोती-बिलखती बच्ची अपने घर पहुंची और पूरी बात बताई।
इस पर परिजनों की ओर से आरोपियों के घरों पर शिकायत की गई तो उन्हें डराया धमकाया जाने लगा। रात में ही पंचायती माध्यम से बात दबाने की कोशिश की गई। शुक्रवार को भी कमोबेश यही स्थिति रही। बाद में कुछ परिचितों की मदद से पीड़ित परिवार शनिवार को थाने पहुंचा। वहां पुलिस को शिकायत देते हुए यहां तक कहा कि अब घर जाने में भी उन्हें खतरा है।
इस पर परिजनों को पुलिस सुरक्षा में घर भिजवाया गया। इंस्पेक्टर देहली गेट सुनील कुमार सिंह के अनुसार घटना के संबंध में गांव के ही नामजद दलित आरोपी ललित, लाखन व विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों को गिरफ्तार कर लिया है और किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।