महानगर के प्रमुख कारोबारी घराने रोशनी लाइट व रोशनी होटल के स्वामी जमील के बेटे आदिल (22) की बृहस्पतिवार शाम केला नगर चौराहे के पास चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। बीचबचाव में उसका एक दोस्त भी जख्मी हो गया।
सपा विधायक जमीरउल्लाह के बेहद करीबी और सपा के जिला उपाध्यक्ष सगीर खान के परिवार के इस युवक की हत्या के बाद भीड़ आक्रोशित हो गई। भीड़ ने व्यस्ततम दोदपुर, केलानगर, अमीरनिशां बाजार को बंद करा दिया और दुकानों में लूटपाट की। अमीरनिशां के पास अस्थाई चौकी का बूथ तहस-नहस कर दिया। पथराव-फायरिंग के साथ-साथ जाम लगाकर कई राहगीरों को भी पीट दिया। भीड़ ने एसपी ट्रैफिक एनपी सिंह को घेर लिया और हाथापाई, पथराव कर जख्मी कर दिया। देर रात लोग आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम न होने देने की जिद पर अड़े थे। पब्लिक ने एक संदिग्ध युवक को मौके से पकड़कर पुलिस को सौंपा है, जिससे पूछताछ की जा रही है। वारदात की मूल वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मूल रूप से गांधीपार्क थानाक्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी पूर्व प्रधान जहीर खान और उनके छोटे भाई सपा जिला उपाध्यक्ष सगीर खान के अन्य भाइयों के साथ केला नगर में संयुक्त परिवार में रहते हैं। इनका रेलवे स्टेशन मधुपुरा तिराहे पर रोशनी लाइट का व्यापार और व रोशनी नामक होटल भी है। ये लोग रीयल एस्टेट कारोबार भी करते हैं। रोशनी लाइट वाली दुकान का संचालन जहीर के एक भाई जमील करते हैं। जमील के तीन बेटों में मझला बेटा आदिल अनूपशहर रोड के कॉलेज से बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। शाम करीब सात बजे वह घर से चंद कदमों की दूरी पर सेंट्रल अपार्टमेंट केला नगर निवासी फहीम समेत अन्य दोस्तों के साथ खड़ा था।
बताते हैं कि तभी दो बाइकों पर सवार आधा दर्जन युवक वहां आए और उनका आदिल के दोस्त के विवाद हो गया। बीचबचाव में हमलावरों ने आदिल पर चाकुओं से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान भीड़ ने बदायूं निवासी एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हमलावरों में कुख्यात शूटर मुनीर का करीबी और एएमयू का पूर्व छात्र समीर निवासी ककराला बदायूं को पहचान लिया गया है। समीर हाल ही में जेल से छूटकर आया है।
हत्या और बवाल की खबर पर एसएसपी लव कुमार, एडीएम सिटी अवधेश तिवारी, एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव सहित सभी सीओ, शहर के सभी एसओ, पीएसी, स्वाट, क्यूआरटी आदि इलाके में पहुंच गई। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद भीड़ को नियंत्रित किया जा सका। विधायक जमीरउल्लाह ने भी पहुंचकर भीड़ को शांत करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की पुरजोर मांग रखी। देर रात समाचार लिखे जाने तक मेडिकल कॉलेज पर भीड़ जमा थी और घटनास्थल पर चारों ओर पुलिस बल तैनात था।
- युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या की गई है और उसका एक साथी जख्मी हुआ है। इसके विरोध में पुलिस के पहुंचने से पहले भीड़ ने हंगामा करते हुए बाजार बंद करा दिया। मगर पुलिस बल के पहुंचने पर हालात को काबू कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई हैं। अभी घटना की वजह स्पष्ट नहीं है।
-लव कुमार, एसएसपी