थाना पालीमुकीमपुर के गांव हरदोई में सोमवार सुबह बाजरे के खेत में गांव की एक युवती का रक्तरंजित शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। यह युवती तीन लाख रुपये व जेवर लेकर रविवार तड़के घर से लापता थी। सूचना पर अतरौली, दादों व पाली थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। युवती के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवती के पिता की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में ऑनर किलिंग भी चर्चा है।
थाना पालीमुकीमपुर के गांव हरदोई निवासी नौवत सिंह प्रजापति किसान हैं और आलू का व्यापार करते हैं। उनके तीन बेटे बंटी, रामू और डिप्टी भी उनके काम में हाथ बंटाते हैं। घर में व्यापार के दौरान होने वाले लेनदेन की रकम व उसका हिसाब नौवत सिंह की बेटी दीपा (18) रखती थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रविवार तड़के करीब तीन बजे दीपा घर से अचानक गायब हो गई।
सुबह परिजनों ने उसे काफी तलाश किया, मगर कहीं पता नहीं लगा। बाद में देखा गया तो घर में रखे करीब तीन लाख रुपये व लाखों के जेवर आदि गायब थे। रविवार को परिजनों ने दिन भर युवती को ढूंढा मगर कहीं पता नहीं चला। सोमवार सुबह परिजन युवती को घर के आसपास तलाश रहे थे, तो देखा कि बाजरा के एक खेत में दीपा की रक्त रंजित लाश पड़ी मिली।
गर्दन रेतकर उसकी हत्या की गई थी। शव के पास ही बीयर की खाली केन पड़ी मिली है। सूचना पर एसपीआरए मणिलाल पाटीदार, सीओ प्रशांत सिंह, कोतवाल अतरौली प्रवेश राणा, कोतवाल दादों शत्रुघ्न उपाध्याय, एसओ पाली प्रदीप कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। युवती के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला तांत्रिक ने बताया लाश का ठिकाना?
परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवती को ढूंढते हुए वह गांव अटा भी पहुंचे थे। वहां किसी ने बताया कि यहां एक महिला तांत्रिक है जो खोया पाया के बारे में बता देती है। परिजन महिला तांत्रिक के पास पहुंचे और उसने बताया कि घर के पीछे ही किसी खेत में युवती की लाश पड़ी है। तब वह खेतों में लाश को ढूंढते हुए पहुंचे। यह कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही। परिजनों के पास ही युवती का मोबाइल मिलना सवाल खड़े कर रहा है। वहीं घर से गायब रुपये व जेवर कहां है इस बारे में भी कुछ पता नहीं चला।
- अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। परिजनों व अन्य परिचितों के मोबाइलों की सीडीआर निकलवाई जा रही है। सर्विलांस व फॉरेंसिक के अलावा अतरौली, पाली व दादों थानों के इंस्पेक्टर खुलासे के लिए लगाए हैं। ऑनर किलिंग व अन्य कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
-
प्रशांत सिंह, सीओ