महानगर की सूर्य विहार कॉलोनी में शुक्रवार सुबह-सुबह कोहरे की चादर के बीच घर से स्कूल के लिए निकली पांचवीं कक्षा की छात्रा का कत्ल कर लाश खाली प्लाट में फेंक दी गई। दिनदहाड़े इस दुस्साहसिक वारदात को बेहद बेरहमी से अंजाम दिया गया।
छात्रा के मुंह में कपड़ा ठूंसकर, हाथ-पैर बांधकर और गला घोंटकर उसे मारा गया। दोपहर में जब दूसरे स्कूल के बच्चों ने ड्रेस में बच्ची की लाश पड़ी देखी तो शोर मचा दिया। खबर पर लोगों की भीड़ जुट गई और एसएसपी सहित आला अधिकारी व फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई।
शुरुआती दौर में शिनाख्त न होने के कारण पुलिस को परेशानी हुई। मगर चार घंटे के प्रयास पर दोपहर बाद बच्ची की पहचान हो गई। क्वार्सी क्षेत्र के मोहल्ला बेगम बाग गली नंबर-2 निवासी अजय कुमार आईटीआई रोड स्थित एक ताला फैक्ट्री में काम करता है।
उनके परिवार में पत्नी गुड्डी व तीन बच्चे हैं। दूसरे नंबर की बेटी चंचल 12 विष्णुपुरी स्थित जेकेडी पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा थी। शुक्रवार सुबह आठ बजे अजय फैक्ट्री चला गया। करीब नौ बजे चंचल अकेली स्कूल के लिए चली गई। इसके बाद गुड्डी अपनी बहन की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए मैनपुरी जाने के लिए छोटी बेटी गौरी संग दस बजे घर से निकल गई। इसी बीच सुबह करीब 11:30 बजे सूर्य विहार स्थित एक स्कूल के पास मकानों के पीछे खाली पड़े प्लाट में ईंटों के बीच बच्ची का शव पड़ा मिला।
उसके हाथ-पांव बंधे थे और मुंह में रूमाल ठुंसा था। वहां से निकल रहे दूसरे स्कूल के बच्चों ने जब लाश देखी तो पास ही दुकान पर बैठी एक बुजुर्ग महिला को बताया। उस महिला के शोर पर भीड़ जुट गई और 100 नंबर को मिली सूचना पर इंस्पेक्टर क्वार्सी श्रीप्रकाश यादव के साथ-साथ एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव, सीओ राजीव सिंह, फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शिनाख्त की कोशिश की मगर उसकी पहचान नहीं हो सकी।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, डेढ़ बजे तक चंचल के घर न पहुंचने पर बड़े भाई अभिषेक ने उसकी तलाश शुरू कर दी। तभी परिजनों को लाश मिलने की खबर मिली तो परिजन क्वार्सी थाने पहुंच गए। फोटो के आधार पर शव की शिनाख्त चंचल के रूप में की। खबर पर पिता भी फैक्ट्री से लौट आया और मां को भी खबर दे दी गई थी। खबर पर परिवार में कोहराम मच गया।