थाना सासनी गेट क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने सराफा कारोबारी को गोली मार कर चार लाख रुपये के आभूषण, 10 हजार नगदी और स्कूटी लूट ली। घायल को सासनी गेट पर ही नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। डाक्टरों ने सराफ की हालत खतरे से बाहर बताई है। मौके पर एसएसपी और एसपी ग्रमीण पहुंच गए थे। बदमाशों की तलाश जारी है।
महेंद्र नगर की हनुमान गली निवासी अशोक वर्मा की भुजपुरा में सोने-चांदी के आभूषण की दुकान है, जबकि अशोक वर्मा के छोटे भाई मनोज वर्मा की आगरा रोड पर नगला मंदिर पर जेवरात की दुकान है। गुरुवार रात लगभग आठ बजे अशोक वर्मा अपनी दुकान से छोटे भाई मनोज की दुकान पर आए।
यहां से दोनों भाई नकदी और आभूषण स्कूटी में रखकर अपने घर जाने के लिए चले। स्कूटी को मनोज वर्मा चला रहे थे। दुकान से करीब 50 कदम दूर एक सफेद रंग की मोटरसाइकिल पर तीन बदमाश आए और स्कूटी को रुकवा लिया। एक बदमाश ने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देकर सारा माल देने को कहा।
इस पर मनोज और अशोक ने प्रतिरोध किया और कहा कि हमारे पास कुछ नहीं है। इसी बीच बदमाशों ने दोनों भाइयों से मारपीट शुरू कर दी और तमंचा निकाल लिया। एक बदमाश बोला स्कूटी छीन लो इसी में माल है। दोनों भाई तीनों बदमाशों का विरोध कर ही रहे थे कि इसी बीच एक बदमाश ने गोली चला दी।
गोली अशोक वर्मा के कमर के नीचे के हिस्से में लगी। अशोक वर्मा के घायल होते ही बदमाश स्कूटी लेकर भाग गए। घायल अशोक वर्मा को लेकर मनोज पास ही के नर्सिंग होम में पहुंचे। वहां पर उपचार के बाद डाक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बतायी है। मौके पर एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी ग्रामीण पहुंच गए थे।
एसएसपी ने कहा कि आसपास बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। बताए गए हुलिए के आधार पर उन्हें तलाशा जा रहा है। जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होंगे।