अनूपशहर रोड स्थित निजी स्कूल के छात्र का नाम सैफ आलम होने की सजा देने का आरोप पुलिस पर लगा है। उसे पुलिस ने उस हत्यारोपी के स्थान पर जेल भेज दिया जो आजमगढ़ का रहने वाला सैफ ही है।
अपने साथी छात्र को निर्दोष बताते हुए स्कूल के कई दर्जन छात्रों ने एसएसपी कार्यालय तक नारेबाजी कर जुलूस निकालकर एसएसपी से मुलाकात की और मदद मांगी।
बता दें कि 15 सितंबर 15 को मेडिकल रोड पर कुख्यात अपराधी यासीन के बेटे सैवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसमें आजमगढ़ निवासी सैफ को नामजद किया था। आरोपी सैफ को स्कूल से निष्कासित भी कर दिया गया था।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार करना मुनासिब नहीं समझा। जब पीड़ित परिवार ने अधिकारियों के दरवाजे खटखटाये तो हरकत में आई पुलिस आजमगढ़ उस आरोपी को गिरफ्तार करने तो नहीं गई, लेकिन स्कूल के ही एक दूसरे सैफ आलम निवासी हमदर्दनगर को गिरफ्तार कर लाई।
साथी छात्रों का ही नहीं बल्कि स्कूल के प्रधानाचार्य का भी कहना है कि जिस छात्र को पुलिस ने जेल भेजा है वह निर्दोष है। जिसकी 1 फरवरी से परीक्षाएं भी हैं। पुलिस की एक कमी से छात्र का पूरा जीवन बर्बाद हो जाएगा।
एसएसपी ने पूरे मामले की जानकारी कर न्याय का आश्वासन दे दिया है। हालांकि इंस्पेक्टर सिविल लाइंस का कहना है कि प्रकरण में सही व्यक्ति को ही जेल भेजा गया है। इसके साक्ष्य भी पुलिस के पास हैं। तभी गिरफ्तारी की गई है।