महानगर में बेखौफ बदमाश सपा विधायक जफर आलम के आवास से चंद कदमों की दूरी पर शनिवार को दिनदहाड़े रिटायर्ड एएमयूकर्मी के घर में घुसकर लूटपाट कर ले गए। बहाने से घर में घुसे सशस्त्र बदमाशों ने परिजनों को बंधक बनाकर नगदी व जेवरात लूट लिए। जाते हुए बदमाश गृहस्वामी दंपति व पुत्रवधू को बंधक बनाकर चले गए। इस दौरान करीब एक घंटे तक बदमाश घर में रुके और आराम से पूरे घर की तलाशी ली। बदमाशों के जाने पर मचे शोर पर एकत्रित हुए लोगों ने परिवार को बंधनमुक्त किया। खबर पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी।
क्वार्सी के केलानगर में नगर विधायक के घर से 500 मीटर की दूरी पर रहने वाले फैसल अजीम खान पुत्र अब्दुल अजीम खान तालानगरी में राजीव मैटल फैक्ट्री में मैनेजर हैं। उनके पिता अब्दुल अजीम एएमयू सिटी हाईस्कूल में शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
उनकी पत्नी खुर्शीदजहां भी सरकारी कॉलेज में शिक्षिका के पद से सेवानिवृत्त हैं। इसके अलावा घर में फैसल की पत्नी तलत फातिमा रहती हैं। शनिवार की सुबह करीब दस बजे फैसल फैक्ट्री चले गए। इसके बाद बीमारी के चलते पिता एक कमरे में लेटे हुए थे। मां भी मकान के निचले हिस्से में कुछ काम कर रही थीं, जबकि पत्नी मकान के ऊपरी मंजिल पर काम में व्यस्त थीं। तभी दोपहर करीब 11.30 बजे दो बाइकों पर चार युवक फैसल के घर पहुंचे। उन्होंने गेट खटखटाकर आवाज दी।
जब कोई नहीं आया तो बदमाश गेट खोलकर अंदर घुस गए। पिता अब्दुल अजीम खान ने पूछा तो बदमाशों ने पीतल खरीदने की बात कही। इस पर उन्होंने मना करते हुए चले जाने को कहा। बस वहीं उनके साथ मारपीट कर उनके मुंह में तमंचा ठूंस दिया। उन्हें बचाने आईं उनकी पत्नी खुर्शीद के साथ भी मारपीट कर दी।
इसके बाद दो बदमाश ऊपर की मंजिल पर पहुंच गए। उन्होंने तलत को तमंचा दिखाते हुए धमकी दी कि अगर शोर मचाया तो गोली मार देंगे। बदमाशों ने डरा-धमका कर उनसे सोने के कुंडल व सोने की चूड़ी उतरवा लीं। साथ ही घर में रखे 1.44 लाख की नगदी व अन्य कीमती सामान भी लूट लिया। तमंचे के बल पर तलत को ऊपर से नीचे ले आए और तीनों को एक कमरे में बंद कर बदमाशों ने पूरे घर की आराम से तलाशी ली। इसके बाद फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद कमरे में बंधक बने परिजनों ने किसी तरह खिड़की तोड़ी और बाहर आकर शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर फैसल अजीम भी आ गए। दोपहर में सूचना मिलने पर एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव, सीओ तृतीय राजीव कुमार सिंह, एसओ विनोद कुमार यादव आदि मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना की जानकारी ली। बाद में फील्ड यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए।
खुदा का वास्ता देकर करते रहे लूटपाट
अलीगढ़। महानगर के केलानगर में एएमयू शिक्षक के घर दिनदहाडे़ घुसे बदमाशों खुदा का वास्ता देकर सामान मांगा। जब परिजनों ने उनकी नहीं सुनी तो मारपीट की। परिजनों के अनुसार बदमाशों ने फैसल की कसम व खुदा का वास्ता देकर यह पूछा कि रकम व जेवरात कहां रखे हैं। वह बार-बार खुर्शीद जहां से कह रहे थे कि बता दो माल कहां है।
रोडवेजकर्मी के घर लूट से जुड़े इस लूट के तार
रिटायर्ड एएमयू शिक्षक के घर हुई लूटपाट की वारदात कहीं उन्हीं बदमाशों द्वारा अंजाम तो नहीं दी गई, जिन्होंने पिछले सप्ताह महेशपुर में रोडवेजकर्मी के घर में लूटपाट की थी। ऐसा पुलिस ने परिवार द्वारा बताए गए हुलिया के आधार पर स्पष्ट किया है। हालांकि पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही इस वारदात को पर्दा उठा दिया जाएगा।
गली में भी खड़ा था पांचवां संदिग्ध
घटना के बाद जब यहां भीड़ एकत्रित हुई और लोगों को जानकारी हुई तो पता चला कि एक संदिग्ध व्यक्ति काफी देर से घर के सामने गली में इधर से उधर टहल रहा था। लोगों ने उसे नजरंदाज किया था। मगर घटना के बाद समझ आ रहा है कि वह शायद बाहर निगरानी में लगा था।