अतरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की रात दबंग युवकों ने दलित के घर घुसकर युवती से गैंगरेप किया। युवती की आवाज सुनकर पास ही सो रहा भाई जग गया और उसने विरोध किया तो दुराचारी युवकों ने उसको भी पीट पीटकर बेहोश कर दिया।
गैंगरेप के दौरान ही युवती ने शोर मचाया जिस पर आवाज सुनकर पड़ोसियों ने ललकारा तो दुराचारी भाग निकले। तीन युवकों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एक माह बाद ही युवती का विवाह होना है।
बताते हैं कि सोमवार रात दलित युवती और उसका भाई घर पर ही सो रहे थे। पिता घेर में सोया था। रात करीब 11 बजे गांव के तीन युवक उसके घर में घुसे। युवती को सोते हुए दबोच लिया। बारी बारी तीनों ने दुष्कर्म किया। इस दौरान वह मुंह दबाए रहे। घुटन भरी चीख सुनकर पास सोया भाई जग गया तो आरोपियों ने उसे इतना पीटा कि वह बेहोश हो गया।
पड़ोसियों के आने पर पुलिस कंट्रोल रूम को रात में ही सूचना मिली तो थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। दीपक, मुंकित एवं दीपू के खिलाफ पीड़ित युवती की ओर से तहरीर दी गई है।
एसओ वीरेंद्र सिंह इंदौलिया ने बताया कि रात में एक युवक के घर में घुसने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। पीड़ित पक्ष की जो भी तहरीर है उसी के अनुसार रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच कराई जा रही है।