बंदी ने कहा, पत्नी से मिला दो; सिपाही ने सिर फोड़ा
- फोटो : महीपाल सिंह
दीवानी कचहरी में शाहजहांपुर से पेशी पर आए एक बंदी ने जब पत्नी को देखा तो उससे मिलने की ख्वाहिश जतायी। लेकिन सिपाही ने पत्नी से मिलाने के बदले उसके सिर में हथकड़ी मारकर उसे जख्मी कर दिया। पति को जख्मी देख दूर खड़ी पत्नी बुरी तरह बिफर गई और सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आत्मदाह की चेतावनी दे डाली। बाद में पुलिस ने जख्मी बंदी का मेडिकल कराया और अपने साथ शाहजहांपुर ले गई। पुलिस के मुताबिक पत्नी की ओर से अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
जिले के थाना गोंडा के गांव चिंता की नगरिया के रहने वाले अमरपाल और उसके भाई सहदेव पर गांव में ही हुई हत्या का आरोप है। इसमें दोनों जेल चले गए थे। अमर पाल के परिवार वालों ने बताया कि फरवरी 2016 में सहदेव की जेल में ही मौत हो गई। इस मौत के लिए अमरपाल की पत्नी राशि ने अपने देवर की जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया था। साथ ही अपने पति को भी जान का खतरा बताया था। इसके साथ ही अपने पति को दूसरी जेल में शिफ्ट करने की मांग की थी, जिसके बाद अमरपाल को शाहजहांपुर की जेल भेज दिया गया।
शुक्रवार को शाहजहांपुर की पुलिस अमरपाल को अलीगढ़ में अदालत में पेश करने लायी। पेशी के बाद जब पुलिस उसे वापस शाहजहांपुर ले जाने लगी तो अमरपाल ने पुलिस कर्मियों से कहा कि वह पत्नी से मुलाकात करना चाहता है। वह थोड़ी सी दूरी पर ही है उसे बुला दिया जाए। अमरपाल ने पुलिस कर्मियों को उनके बाल बच्चों का भी हवाला दिया। लेकिन जब पुलिस का रुख नहीं बदला तो अमरपाल ने जिद वाला रवैया पकड़ लिया और ठिठक ठिठक कर चलने लगा। इस पर आरोप है कि एक पुलिस कर्मी ने अमरपाल के सिर में हथकड़ी दे मारी, जिससे उसका सिर फट गया।
पति के सिर से खून बहता देख अमरपाल की कुछ दूरी पर खड़ी पत्नी ने हंगामा करना शुरू कर दिया। लहूलुहान बंदी और शोर मचाती महिला को देख वहां तमाशबीन इकट्ठा हो गए। किसी तरह पुलिस बंदी को थाना सिविल लाइन ले गयी। पुलिस ने अमरपाल का मेडिकल कराया, जिसके बाद पुलिस उसे शाहजहांपुर ले गयी। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि बंदी का मेडिकल कराया था, लेकिन पत्नी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।