प्रधानाचार्य ने छात्र को राॅड से पीटा
- फोटो : Amar Ujala
जलाली के स्वामी कृष्णानंद इंटर कालेज में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र विकास वर्मा पुत्र वेदप्रकाश शर्मा को प्रधानाचार्य ने उसे लोहे की राड से पीटा है। लात घूसें भी चलाए। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। घर पहुंचे छात्र ने परिजनों को अपने शरीर पर चोट के निशान दिखाए तो वह आगबबूला हो उठे।
छात्र को लेकर पुलिस चौकी पहुंचे और प्रधानाचार्य के खिलाफ तहरीर दी है। चौकी प्रभारी आदित्य शंकर तिवारी का कहना है कि छात्र का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
छात्र विकास शर्मा का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उसकी क्लास के छात्रों को जमीन पर बिठाया जा रहा था। गुरुवार दोपहर उसने जमीन पर बैठने का विरोध किया तो इसी बात पर प्रधानाचार्य ने बेरहमी से पीटा। कालेज के दोनों गेट भी बंद करा दिए। वहीं इस बाबत प्रधानाचार्य ललित मोहन का कहना है कि कई दिनों से कुछ छात्रों के मोबाइल लेकर आने और छात्राओं के फोटो खींचकर गलत हरकत करने की शिकायत मिल रही थी।
इसमें विकास शर्मा की शिकायत सबसे ऊपर थी। पहले भी उसके खिलाफ शिकायतें मिली थीं। गुरुवार को तलाशी लेने पर उसके पास दूसरी कक्षा के छात्र का मोबाइल मिला। इसी पर अनुशासन के तहत सख्ती की गई। इसमें भूलवश उसके चोटें आ गईं। हालांकि पिटाई का उद्देश्य केवल अनुशासन बनाए रखना था।