गभाना पुलिस ने शनिवार तड़के संदिग्ध सफारी कार का पीछा किया और टोल प्लाजा के पास गांव पनिहावर में उसे पकड़ लिया। कार गड्ढे में फंसने पर उसमें सवार लोग भाग गए। कार में दो गाय और एक बैल को ठूस-ठूस कर भरा देख पुलिसकर्मी हैरान रह गए। गौवंशों का इलाज कराया गया है। पुलिस नंबर के आधार कार स्वामी की पता लगाने की कोशिश कर रही है।
थाना प्रभारी मोहम्मद असलम ने बताया कि एसआई सुरेंद्र सिंह तेवतिया व सिपाही श्रीओम यादव, अजीत यादव रविवार की सुबह टोल प्लाजा के पास गश्त कर रहे थे। उन्होंने अलीगढ़ की ओर से सिल्वर रंग की टाटा सफारी कार संख्या यूपी 81 ए 7913 आते हुए देखी। पुलिस को कार चालक की गतिविधि संदिग्ध लगी तो उसका पीछा करना शुरू कर दिया। टोल से बचने के चक्कर में चालक ने गांव पनिहावर गांव की ओर कार को मोड़ दिया।
पनिहावर के पास कार एक गड्ढे में फंस गई। इस पर गौ-तस्कर कार छोड़कर भाग गए। बकौल थाना प्रभारी गौवंश का इलाज कराया गया है। वहीं रविवार की छुट्टी के कारण कार स्वामी का पता नहीं चल सका। सोमवार को नंबर ट्रेस किया जाएगा। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।