फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गभाना में रोड होल्डअप कर तीर्थयात्रियों की बस लूटी

Wed, 27 Sep 2017 02:04 AM IST
अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
घटनास्‍थल का निरीक्षण करते एसएसपी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिले में बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे गभाना क्षेत्र में हाईवे से सटे बरौली-कटरा रोड को अवरुद्ध कर बस से वैष्णो देवी दर्शन को जा रहे तीर्थ यात्रियों को लूट लिया। बदमाशों ने नीम का पेड़ काटकर रोड पर डाल दिया और फिर एक घंटे तक लूटपाट की। उन्होंने बस में सवार 75 तीर्थ यात्रियों से लगभग 5 लाख की संपत्ति लूट ली। विरोध करने पर उन्होंने तीर्थ यात्रियों से मारपीट भी की, जिससे दो तीर्थ यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना देने के बाद भी पिकेट द्वारा फटकार कर तीर्थयात्रियों को भगा दिया गया। आक्रोशित श्रद्धालुओं ने बरौली विधायक व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने जमकर हंगामा काटा। मामले में एसएसपी ने सीओ गभाना को सर्किल से हटा दिया है, जबकि हल्का चौकी इंचार्ज व पिकेट के दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही होमगार्ड की सेवा समाप्ति के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। 
विज्ञापन

कस्बा बरौली से निजी बस ऑपरेटर द्वारा एक बस वैष्णो देवी, नगरकोट कांगड़ा व अन्य देवी दर्शनों के लिए ले जाई जा रही थी।
इसमें बरौली के अलावा आसपास के दर्जन भर गांवों से करीब 75 तीर्थ यात्री सवार होकर आधी रात को रवाना हुए। बस बरौली से गभाना हाईवे पहुंचने के लिए करीब 600 मीटर पहले कटरा मार्ग पर बलवंत नगरिया के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने नीम का पेड़ काटकर रोड पर डाल रखा था। पेड़ देख जैसे ही चालक सुरेश ने बस रोकी, तभी आठ के करीब नकाबपोश सशस्त्र बदमाश बस में सवार हो गए और हथियारों के बल पर तीर्थ यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी। इस दौरान विरोध व चीख पुकार पर बदमाशों ने तीर्थ यात्रियों की पिटाई की, जिसमें रायपुर दहेली निवासी मुरारी लाल शर्मा व पौकरगढ़ी निवासी कमलेश जख्मी हो गए। बदमाशों ने यहां करीब एक घंटे तक लूट की और यात्रियों से 5 लाख का माल लेकर बरौली की ओर पैदल भाग गए।

बदमाशों के जाने के बाद काफी देर तक यात्रियों ने डायल-100 को मिलाया गया, मगर फोन नहीं मिला। फिर कुछ यात्री गभाना हाईवे स्थित कटरा मोड़ की पुलिस पिकेट पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि वहां तैनात सिपाही मोहन व होमगार्ड रंजीत ने उन्हें फटकारकर भगा दिया। इसी बीच डायल-100 पर नंबर रिसीव होने पर इंस्पेक्टर गभाना श्रीप्रकाश यादव दौड़ते हुए मौके पर पहुंच गए। घायल यात्रियों को सीएचसी भिजवाया और बस में सभी यात्रियों को बैठाकर गभाना थाने लाया गया। इसी बीच खबर पर बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह, आईजी डॉ. संजीव गुप्ता, एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव भी पहुंच गए। यहां थाने पर मौजूद यात्रियों ने पुलिस लापरवाही को लेकर खूब हंगामा काटा।
विज्ञापन


जिन्हें अधिकारियों व विधायक ने शांत किया। साथ ही एसएसपी ने तत्काल रात्रि गश्त अफसर हल्का चौकी इंचार्ज दरोगा सत्येंद्र शर्मा को प्रभावी पेट्रोलिंग न करने, पिकेट के सिपाही मोहन सिंह व रूपेश कुमार को सूचना के बाद भी मौके पर न पहुंचने पर निलंबित कर दिया। इसके अलावा होमगार्ड रंजीत को ड्यूटी से हटाते हुए उसकी सेवा समाप्ति  के लिए अधिकारियों को लिखा गया है। वहीं सूचना के बाद भी 8 बजे तक मौके पर न पहुंचने पर सीओ गभाना अनिल कुमार से सर्किल छीनते हुए उनके स्थान पर सहायक पुलिस अधीक्षक/प्रशिक्षु आईपीएस नीरज जादौन को नया सीओ गभाना बनाया है। अनिल कुमार को लाइन का चार्ज दिया गया है। एसएसपी राजेश पांडेय का कहना है कि इस घटना में निचले स्तर पर जो भी लापरवाही हुई है, उसके लिए कार्रवाई की गई है। आगे भी पुलिस लापरवाही पर इस तरह की कार्रवाई होगी। वारदात के खुलासे के लिए सर्विलांस/एसओजी टीम को एसपी सिटी के नेतृत्व में लगाया गया है।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें