कोतवाली क्षेत्र के गांव नयाबास में ससुरालीजनों के उत्पीड़न से परेशान युवती नानी के तानों से इस कदर आपा खो बैठी कि मूसली से प्रहार कर नानी को मार डाला। इसके बाद उसने आत्महत्या की कोशिश की। बाद में खुद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर लिया है। थाने में युवती अपनी नानी की हत्या करने पर अफसोस जताती रही।
गांव नगला किशोर निवासी तेजवीर सिंह बल्लभगढ़ में प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं। इन दिनों गांव नयाबास में वह अपना मकान बनवा रहे हैं। मकान निर्माण की देखरेख के लिए उनकी पत्नी विमलेश अपनी मां संता देवी (70) निवासी गांव सूरज थाना राया जिला मथुरा को लेकर नयाबास में ही रह रही हैं। एक सप्ताह पूर्व तेजवीर की बेटी ममता पत्नी विनीत निवासी कंचन नगर अलीगढ़ हाल निवासी जालंधर भी नयाबांस आई हुई थी। शनिवार को विमलेश अपनी ननद के यहां चली गई। घर पर धेवती व नानी मौजूद थी। रात में नानी व धेवती के बीच कहासुनी हो गई। इस पर धेवती ने मूसली से नानी के सर में प्रहार कर दिए।
इससे मौके पर ही संता देवी की मौत हो गई। ममता के अनुसार अपने ससुरालीजनों के उत्पीड़न से काफी परेशान है। इसी बात पर नानी उसे ताने दे रही थी। तभी वह आपा खो बैठी। नानी की मौत के बाद वह घबड़ा गई। मूसली को बजरी में छिपा दिया। इसके बाद सब्जी काटने वाले चाकू से हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया।
सूचना पर सीओ पंकज श्रीवास्तव, कोतवाल वीपी सिंह, एसआई प्रीतम सिंह मौके पर पहुंचे ।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ ने बताया कि मृतका के पुत्र धर्मवीर पुत्र भगवंत सिंह ने ममता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती को जेल भेज दिया गया है।