सपा के बरौली विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष और कस्बे के प्रॉपर्टी डीलर राकेश यादव (45 वर्ष) की मंगलवार की रात करीब सवा दस बजे घर के निकट गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के वक्त राकेश यादव बाइक पर थाने की ओर से घर लौट रहे थे। तभी पूर्व चेयरमैन राजेश यादव के घर के सामने अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली मार दी।
इसके बाद हमलावर भाग जाने में सफल रहे। फायरिंग की आवाज पर भीड़ एकत्रित हो गई। खबर पर परिजनों के साथ एसपी देहात, सीओ अतरौली और थाना पुलिस सहित कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। परिजन आरोपियों का नाम उजागर नहीं होने तक शव नहीं उठने देने की जिद पर अड़े थे और पुलिस कार्रवाई के बजाय सीधे बदला लेने का एलान कर रहे थे।
कस्बे के मोहल्ला अहीरपाड़ा निवासी सपा नेता राकेश यादव की बुढ़ांसी रोड पर बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है, जबकि वह कस्बा और क्षेत्र में दबंग और कद्दावर प्रॉपर्टी डीलर के तौर पर भी जाने जाते थे। रोजाना की तरह रात सवा दस बजे जब वह अपने घर लौट रहे थे। तभी हमलावरों ने घर से करीब 60 मीटर पहले उन्हें रोककर निशाना बनाया।
हमलावरों ने एक ही गोली में उनकी हत्या कर दी। रात होने के कारण आसपास घरों में मौजूद लोगों ने भी बाहर एक ही फायर की आवाज सुनी। जब तक लोग बाहर निकलते। तब तक हमलावर भाग चुके थे, जबकि राकेश यादव बाइक सहित सड़क पर मृत हालत में पड़े थे और उनका सिर बुरी तरह जख्मी था।
यह देख मोहल्ले के लोगों ने परिजनों को सूचना दी तो घर में कोहराम मच गया सैकड़ों की संख्या में लोग घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना पर सीओ अतरौली प्रशांत सिंह, एसओ हरदुआगंज भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए, लेकिन देर रात तक परिजन पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए हमलावरों से बदला लेने की बात पर अड़े रहे।
कस्बे में तनाव को देखते हुए एसपी देहात मणीलाल पाटीदार पहुंच गए थे और कई थानों का फोर्स मौके पर तैनात कर दिया गया है। साथ में डाग स्क्वायड और फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी थीं।