कासिमपुर पावर हाउस इलाके में एक सप्ताह में दो इंजीनियर के साथ लूटपाट की घटना से लोगों में काफी रोष है। शुक्रवार की रात को भी बदमाशों ने एक परिवार को बंधक बनाकर नकदी और करीब दो लाख रुपये के आभूषण लूट ले गए।
ईआर 3, नई कॉलोनी कासिमपुर पावर हाउस निवासी प्रदीप पुत्र राजकुमार बोर्ड में टेक्नीशियन है। वह अपने परिवार सहित मकान में सोया हुआ था। परिवार में उसके दादी, मौसा, एक बहन और एक भाई हैं। प्रदीप ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 2.30 बजे पीछे से दीवार कूदकर नकाबपोश चार बदमाश हथियार हाथ में लिए हुए।
बदमाशों ने तमंचा के बल पर कमरे के बेड पर बैठा लिया और दो बदमाश हमारे पास तमंचा ताने खड़े हो गए। बाकी दो बदमाशों ने घर में रखा पूरा सामान तितर-बितर कर दिया। इसके बाद बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे 1 जोड़ा पैडल, कानों की झुमकी, तीन अंगूठी, तीन जोड़ी कुंडल, टॉक्स, एक चांदी का सिक्का और एक जोड़ी पायल और 15000 रुपये नकदी लूट कर ले गए। बदमाश सभी लोगों को कमरे के अंदर बंद कर गए। बदमाशों के जाने के बाद हम लोगों ने शोर मचाया।
शोर सुनकर पड़ोस के लोग आ गए और हमें कमरे में बाहर निकाला। इसकी की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर मौके पर एसओ जवां छोटे लाल पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस ने मौके पर अलीगढ़ ने डॉग स्वाक्यड को बुला लिया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में काफी रोष है।
कॉलोनी के लोगों का कहना है कि तीन दिन पहले भी यहां सहायक अभियंता नीरज दोहरे से भी लूट हुई थी। उसका अभी तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी। इस तरह से हम लोग यहां पर किस तरह से रह पाएंगे। कॉलोनियों से किसी भी विद्युत पोल पर लाइट की व्यवस्था नहीं है और न ही हम कालोनियों लोगों की सुरक्षा के लिए बोर्ड से कोई सीसीटीवी लगाया गया है। एसओ जवां छोटे लाल का कहना कि कासिमपुर की दोनों घटनाओं का जल्द से जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।