जवां में बृहस्पतिवार देर शाम हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों के भागने के बाद पुलिस जिले भर में तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान बरला में देररात बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दो बदमाशों को गोली लगी है। जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है।
जवां के फरार बदमाशों की तलाश में चल रही चेकिंग के क्रम में बरला मोड़ पर देररात इंस्पेक्टर बरला सर्वेश कुमार टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर आ रहे दो लोगों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वे छर्रा-सांकरा रोड की तरफ भागने लगे। इस सूचना पर छर्रा पुलिस भी सक्रिय हो गई।
इसी दौरान फुसावली मार्ग पर खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी है। दोनों मौके पर गिर गए। तत्काल इनको जिला अस्पताल लाया गया। इनकी पहचान पिंटू पुत्र देवेंद्र यादव व परवेंद्र पुत्र प्रेम सिंह निवासी सुनहरा बरला के रूप में हुई।
इंस्पेक्टर के अनुसार 24 जुलाई की रात कल्यानपुर रानी के पास ईंट भट्ठा से डकैती डालकर ट्रैक्टर ट्राली लूट ले जाने वाली घटना में दोनों शामिल थे। इनके चार साथी और इस घटना में शामिल थे। उनके विषय में जानकारी की जाएगी और ट्रैक्टर के विषय में पता लगाया जाएगा। बाकी पूछताछ इलाज के बाद होगी। ब्यूरो