शहबाज की हत्या के बाद अनूप शहर रोड पर जाम लगाते परिजन।
- फोटो : neeraj
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र की निशात बाग कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर घर के दरवाजे पर युवक की हत्या के मामले में शनिवार को फिर आक्रोश पनप उठा। सुबह-सुबह एकत्रित भीड़ अनूपशहर बाईपास स्थित जीवनगढ़ पुलिया पर पहुंच गई और जाम लगा दिया। वह तो आनन-फानन पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया और जाम खुलवाया। इधर, दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस निगरानी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया। मामले में गिरफ्तारी के प्रयास में एसएसपी ने दो टीमों को लगाया है।
वाकया शुक्रवार दोपहर का है जब मजदूरी पर टाइल्स लगाने का काम करने वाले 20 वर्षीय शहबाज की गोली मारकर हत्या की गई। हालांकि हत्या के बाद भी मेडिकल कॉलेज में परिवार व महिलाओं ने हंगामा किया था। उस समय पुलिस ने समझाकर शांत किया था। इधर, शनिवार सुबह-सुबह लोगों की भीड़ फिर आक्रोशित होकर जीवनगढ़ पुलिया पर पहुंच गई और गिरफ्तारी के लिए जाम लगा दिया।
यहां लोगों का कहना था कि शहबाज घर से कहीं जा रहा था। तभी बाइक पर आए फुरकान व उसके दूसरे साथी ने फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान भीड़ के जमा होने पर वे फायरिंग करते हुए भाग गए। हालांकि जाम ज्यादा देर नहीं लगा। दस मिनट की सूचना पर इलाका पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस को देख वहां पुलिस विरोधी नारेबाजी भी शुरू हुई।
मगर पुलिस ने समझाकर तत्काल जाम खुलवा दिया। बाद में कहा कि अगर आप लोग यहां जाम लगाए रहेंगे तो पुलिस गिरफ्तारी को नहीं जा पाएगी। इसके बाद पोस्टमार्टम के बाद जब शव आया तो पुलिस निगरानी में दफन आदि की प्रक्रिया पूरी कराई गई। सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय ने बताया कि मामले में एसएसपी स्तर से दो टीमों का गठन किया गया है। गिरफ्तारी के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सीसीटीवी आदि भी देखे जा रहे हैं।