महानगर के सिविल लाइंस इलाके में कठपुला के पास वाहन चेकिंग के दौरान ट्रैफिक दरोगा के थप्पड़ ने बाइक सवार युवक की जान ले ली। कागज न होने पर गाड़ी सीज करने पर जब इस युवक ने ऐतराज जताया तो दरोगा से कहासुनी हो गई। इसी दौरान आपा खो बैठे ट्रैफिक दरोगा ने उसके थप्पड़ जड़ दिया। इससे युवक वहीं बेसुध होकर गिर पड़ा, जिसे पुलिसकर्मियों ने अस्पताल तक ले जाने की जहमत नहीं उठाई। बाद में कुछ प्रत्यक्षदर्शी व राहगीर उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। खबर पाकर परिजन भी आ गए। बाद में शव पोस्टमार्टम केंद्र पहुंचाया गया। दूसरी ओर मृतक के परिजन मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
मूल रूप से बरौली जवां का अफजाल (28) पुत्र शौकत तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह अपनी ससुराल नगला पटवारी में मकान बनाकर बड़े भाई लियाकत संग पत्नी सोनम व दो बेटी, एक बेटे को लेकर रह रहा था। परिजनों के अनुसार काफी समय से वह अस्थमा व क्षय रोग से पीड़ित था और उसका इलाज भी चल रहा था। इन दिनों वह एक ब्राइट फैक्ट्री में काम कर रहा था। कुछ समय से बेटी की भी तबियत खराब हो गई थी। दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी बाइक पर अपनी व बेटी की दवा लेने जिला अस्पताल जा रहा था। वह जैसे ही कठपुला पर चढ़ने लगा तो वहां चेकिंग कर रहे यातायात पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। उसके पास गाड़ी के कागज नहीं थे। उसने अपनी बीमारी के तर्क दिए। इस बात पर बहस हुई और दरोगा ने उसकी बात बिना सुने गाड़ी सीज कर दी। इसी दौरान बहस में दरोगा ने उसे थप्पड़ जड़ दिया, जिससे वह बेसुध होकर वहीं गिर गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे देखने या अस्पताल पहुंचाने तक की जहमत नहीं उठाई। दो प्रत्यक्षदर्शी अतर सिंह निवासी समस्तपुर हरदुआगंज व नवी अहमद निवासी जमालपुर उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों ने फौरी तौर पर माना कि वह दहशत में हृदयाघात से मरा है। इंस्पेक्टर बन्नादेवी के अनुसार मुआवजे आदि को लेकर अधिकारियों में विमर्श चल रहा है। देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया, वहीं पिता की ओर से अज्ञात पुलिस कर्मी के खिलाफ तहरीर भी दी गई है।
वाहन चेकिंग के दौरान दरोगा पर थप्पड़ मारने का आरोप है, जिससे युवक की अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों व डॉक्टरों ने उसे अस्थमा व क्षय रोग का पुराना रोगी बताया है। बीमारी व दहशत में उसकी मौत का अंदेशा है। उसके परिजन जो कहेंगे, उसके अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -अतुल श्रीवास्तव, एसपी सिटी