ससुरालियों के खिलाफ दर्ज हमले के मुकदमे में कोई कार्रवाई न होने से आहत एएमयू का सुरक्षा बुल सोमवार को केरोसिन लेकर एसएसपी दफ्तर पहुंच गया। उसका सीधा-सीधा कहना था कि या तो मुकदमे में कार्रवाई करो, वरना वह आत्मदाह कर लेगा।
हालांकि समय रहते एसएसपी के ड्राइवर की उस पर नजर पड़ गई और उसे दबोच लिया। बाद में सिविल लाइंस पुलिस के हवाले कर दिया। जहां उसे समझाने व ठोस आश्वासन के बाद घर भेज दिया गया।
पीड़ित सुल्तान पुत्र मुमताज खान निवासी जमालपुर एएमयू में सुरक्षा गार्ड है। उसका आगरा के जीवनी मंडी पटेल नगर निवासी पत्नी से दहेज उत्पीड़न का विवाद चल रहा है। इसी विवाद में 20 सितंबर की रात वह ड्यूटी खत्म कर घर जा रहा था। तभी एएमयू सर्किल पर उस पर हमला हुआ।
इस दौरान फायरिंग व चाकूबाजी कर उसे जख्मी किया गया था। इस हमले में उसने बंटी, मुवीन, साजिद को नामजद किया। सुल्तान का आरोप है कि मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की। इसी बात से आहत होकर पीड़ित केरोसिन केन में लेकर दोपहर में एसएसपी दफ्तर पहुंच गया।
वह बेहद आहत मंशा से गया था। मगर केरोसिन की केन देखकर एसएसपी के ड्राइवर की नजर उस पर पड़ी और दबोच लिया। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने पूरा वाकया और अपनी मंशा बता दी। बाद में इंस्पेक्टर सिविल लाइंस को बुलाया।
साथ ही एसएसपी ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर के अनुसार सुल्तान को समझाया गया है और आश्वस्त किया गया है कि जल्द ही कार्रवाई होगी। इस आश्वासन पर वह घर चला गया।