गांधी पार्क थाना क्षेत्र के धनीपुर इलाके के एक निजी अस्पताल में बुधवार रात एक प्रसूता की मौत के बाद हंगामा हो गया। स्टाफ मृतका को छोड़कर फरार हो गया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, परिवार वालों ने अस्पताल संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
नेहा शर्मा (25) पत्नी देव शर्मा निवासी नगला माली गांधी पार्क के परिवार वालों ने बताया कि बुधवार को नेहा को प्रसव पीड़ा होने पर धनीपुर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था। देर शाम को महिला ने ऑपरेशन से एक बेटी को जन्म दिया। उसकी हालत बिगड़ने की बात डाक्टरों ने परिवार वालों को बताई और खून का इंतजाम करने को कहा।
पति देव शर्मा के मुताबिक वह खून का इंतजाम करके देर रात करीब 10 बजे लौटे तो पता लगा कि पत्नी की मौत हो गई है। अस्पताल का स्टाफ भी फरार हो गया। इस पर परिवार वालों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए वहां हंगामा करने लगे। साथ ही पुलिस को बुला लिया।
इंस्पेक्टर गांधी पार्क थाना सुधीर कुमार धामा के मुताबिक मृतका के शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया। बृहस्पतिवार को उसका पोस्टमार्टम हुआ। फिलहाल रिपोर्ट जारी नहीं हुई है। परिवार वालों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।