खंती में पड़ी शीलेंद्र की लाश को देखते ग्रामीण व पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
दादों कस्बे में मां के साथ किराए का कमरा लेकर रहने वाले एक युवक को घर से बुलाकर ले जाने के बाद पड़ोसी ने चालीस हजार रुपये लूट लिए और गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को राजमऊ रोड में बैजना मोड़ पर सड़क किनारे खंती में फेंक दिया। उधर शाम से लापता बेटे की सूचना मां ने थाने में दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कासगंज जिले के सिकंद्रपुर वैश्य के गांव नगला गुलाबी निवासी उर्मिला देवी पत्नी रूपराम सिंह के अनुसार करीब एक माह पहले अपने बेटे शीलेंद्र (25) और बहू गीता देवी को साथ लेकर दादों कस्बे में आकर रहने लगी थी। दादों में उर्मिला देवी के दामाद दिनेश कुमार निवासी नगला खंजी की हलवाई की दुकान है। वह अलग किराए का कमरा लेकर रह रही हैं।
उर्मिला देवी के अनुसार शुक्रवार की शाम पड़ोसी चींटा सिंह पुत्र नंनू सिंह उनके बेटे को घर से बुलाकर ले गया। देर शाम तक शीलेंद्र के न लौटने पर उन्होंने चींटा सिंह के घर जाकर बेटे के बारे में पूछा तो उसने बताया कि सुबह तक आ जाएगा। शनिवार की सुबह वह फिर से चींटा सिंह के घर बेटे के बारे में पूछने पहुंची तो चींटा और उसके घरवालों ने कहा दिया कि मुझे क्या पता कहां है?
सुबह नौ बजे बेटे का शव बैजना मोड़ पर खंती में पड़े होने की सूचना मिली। स्टाल से गले में फांसी लगाकर हत्या की गई थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। लोगों की भीड़ लगी रही। एसओ दादों अजय सिंह चाहर के अनुसार चींटा सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। ऐसा लगता है कि कहीं और हत्या करने के बाद शव बैजना मोड़ पर लाकर फेंका गया है।