एफएम टॉवर पर प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली
- फोटो : महीपाल सिंह
महानगर के अनूपशहर रोड एफएम टॉवर के पास शनिवार को दिनदहाड़े रंजिश में नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी।
इस दौरान कई गोलियां चलाई गईं, मगर एक गोली बाजू में लगी। हमलावर बाद में तमंचे लहराते हुए भाग गए। खून से लथपथ प्रॉपर्टी डीलर को आनन-फानन मेडिकल कॉलेज लाया गया। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है।
क्वार्सी क्षेत्र के धौर्रा माफी निवासी शानू खान पुत्र खुर्शीद खान प्रॉपर्टी डीलर है। उनकी कुछ लोगों से जमीन को लेकर रंजिश चल रही है। शनिवार शाम करीब तीन बजे वह अपने दोस्त मुजम्मिल अंसारी, गुड्डू और अकरम के साथ कार से अनूपशहर रोड की तरफ जा रहा था। एफएम टावर के पास पहुंच कर शानू कार से उतरकर सड़क किनारे खड़े होकर सिगरेट पी रहा था।
तीनों दोस्त कुछ दूरी पर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच ग्रे कलर की पल्सर सवार दो नकाबपोश हमलावर आ धमके। हमलावरों ने शानू के ऊपर कई राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली शानू के कंधे से नीचे बाजू में जा लगी।
फायरिंग पर इलाके में भगदड़ मची। खबर मिलते ही क्वार्सी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गंभीर हालात में शानू खान को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है। एसओ क्वार्सी विनोद यादव के अनुसार रंजिशन घटना होना बताया गया है। जांच की जा रही है। मगर इतनी फायरिंग में एक गोली लगने पर संदेह भी बन रहा है।