रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर शनिवार को हैरतअंगेज घटना हुई। जान देने को मालगाड़ी के सामने कूदा प्रेमी युगल बाल-बाल बच गया। ट्रेन के आगे कूदने के दौरान युवक पटरियों के बीच जा गिरा जबकि उसके धक्के से युवती दूर जा गिरी। युवक के ऊपर से 60 से अधिक डिब्बों की मालगाड़ी गुजर गई। यह देख स्टेशन पर मौजूद यात्रियों की सांसे थम गईं। ट्रेन के गुजरने के बाद युवक सुरक्षित उठ खड़ा हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना अपरान्ह करीब 4:30 बजे की है। रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर एक प्रेमी युगल खड़ा हुआ था। जैसे ही मालगाड़ी स्टेशन के पास पहुंची, दोनों ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। यह देख वहां चीख पुकार मच गई।
घटना की जानकारी पाकर जीआरपी थाना पुलिस ने मौके पर दौड़ लगा दी। ट्रेन गुजरने के बाद सही सलामत मिलने पर पुलिस ने जोड़े को हिरासत में लेकर उनके परिजनों को संपर्क किया। जीआरपी थाने पहुंचे परिजनों के बीच देर रात तक समझौते का दौर चलता रहा।
शादी कराने के लिए नहीं मान रहे थे परिजन
रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर प्रेमी युगल के बाल-बाल बचने के मामले में जीआरपी ने युवक से पूछताछ की। जीआरपी इंस्पेक्टर विजय कुमार सिंह के अनुसार पूछताछ में युवक ने बताया कि वह हाथरस के साथनी का रहने वाला है। प्रेमिका गाजियाबाद के लालकुआं की रहने वाली है। प्रेमिका अलीगढ़ में रहने वाले उसके बहनोई की रिश्तेदार है। दोनों की मुलाकात डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ा। परिजनों को संबंधों की जानकारी दी तो उन्होंने शादी कराने से इंकार कर दिया। काफी समझाने के बाद भी परिजन नहीं माने तो उन्होंने एक साथ खुदकुशी करने का फैसला लिया। इंस्पेक्टर के अनुसार दोनों बालिग हैं। दोनों के परिजनों से बातचीत और प्रेमी युगल कीसहमति के आधार पर मामले का निपटारा किया जाएगा।