अतरौली के कोतवाली के गांव चकाथल निवासी कलियान सिंह की पत्नी सुमन देवी आठ माह की गर्भवती थी। मंगलवार को कलियान सिंह अपनी चाची कांती देवी के साथ बाइक से अपनी पत्नी सुमन देवी को अतरौली दवा दिलवाने जा रहे थे। इसी दौरान आइटीआई कॉलेज के पास रामघाट रोड पर एक कुत्ता बाइक के आगे आ गया। इससे बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इसमें सुमन देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि कांती देवी और कलियान सिंह गंभीर रुप से घायल हो गए। उधर, जवां के गांव हिम्मतपुर निवासी भूपेंद्र सिंह पुत्र हेतराम बाइक द्वारा अपने दोस्त गांव के ही मेघ सिंह के साथ बाइक से अतरौली की ओर जा रहा था। इसी दौरान काजिमाबाद बरी के अड्डे के निकट उनकी बाइक असंतुलित होकर फिसल गई। बाइक गिरते ही भूपेंद्र का सिर सड़क से जा टकराया। इसमें भूपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मेघ सिंह घायल हो गया।
जवां में मंगलवार की शाम तैय्यब पुत्र यूनुस निवासी रिवाड़ा थाना जहांगीरबाद बुलंदशहर अपनी पत्नी रेशमा (27) और बेटी बिल्लो (7) बाइक से मौसेरे भाई इरफान की बारात में मौलाना आजाद नगर जमालपुर में आये थे। शादी का कार्यक्रम पूरा होने के बाद शाम को तैय्यब अपने बच्चों के साथ बाइक से अपने गांव रिवाड़ा जा रहा था, जैसे ही वह तेजपुर मोड़ के पास पहुंचा, सामने से आ रहे गैस सिलेंडर के ट्रक ने तीनों को रौंद दिया। जिसमें रेशमा देवी और बिल्लो की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और तैय्यब बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस ने घटना की सूचना मोबाइल द्वारा तैय्यब के परिवार वालों को दी। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को कब्जे में ले लिया है।
अलीगढ़ की दुर्गेश कॉलोनी निवासी सुरेंद्र नगर मदन पाल सिंह (40) पुत्र जुगेंद्र पाल सिंह गभाना क्षेत्र में भांकरी स्थित जेडी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में कैंटीन चलाता है। सोमवार की रात्रि में अपने घर वापस जा रहा था। जैसे ही वह कालेज के गेट से बाहर निकला विपरीत दिशा से आ रहे लोडर ने बाइक सवार में टक्कर मार दी जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट मृतक के चचेरे भाई सतेंद्र सिंह ने लोडर गाड़ी के चालक के खिलाफ दर्ज कराई है।