अपनी गेहूं की फसल की थ्रेशरिंग कराने के लिए खेत पर ही सो रहे किसान के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ गया। इससे किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को परिवार के लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर उपचार के दौरान किसान की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस अस्पताल आ गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव रहना निवासी 58 वर्षीय सत्यप्रकाश बृहस्पतिवार की रात को अपने खेत पर सो रहे थे। वह खेत पर कटी रखी गेहूं की फसल की थ्रेशरिंग कराने के लिए वहीं खेत में त्रिपाल बिछाकर सो गए। उन्होंने त्रिपाल को ही ओढ़ लिया। रात को करीब एक बजे ट्रैक्टर थ्रेशर लेकर खेत पर पहुंचा, चालक को खेत में उनके सोने का अंदाज नहीं हुआ।
इससे उसके पैरों पर ट्रैक्टर चढ़ गया, जिससे सत्यप्रकाश बुरी तरह से घायल हो गए। वहीं पर वह बेहोश हो गए। आनन-फानन परिवार के लोग घायल किसान को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर उन्हें उपचार दिया गया, इसी दौरान उनकी हालत ज्यादा बिगड़ी और उपचार के दौरान मौत हो गई। इस बात की जानकारी होने पर मृतक के परिवार के काफी लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां पर इलाका पुलिस भी आ गई। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।