गांव बेसवां में रविवार की शाम करीब पांच बजे एक बिल्डिंग मैटीरियल की दुकान पर काली डस्ट उतारते समय डंपर का जैक टूट गया जिससे बगल में खड़े गिट्टी लदे ट्राला के केबिन पर गिर गया। इससे ट्राला केबिन दब गया, जिससे ट्राला चालक और उसके दो परिचितों की मौत हो गई। सूचना पर चौकी प्रभारी, कोतवाली प्रभारी और इगलास सीओ मौके पर पहुंच गए। जेसीबी व ग्रामीणों के सहयोग से केबिन से तीनों के शवों को बाहर निकाला जा सका।
बेसवां निवासी कृष्ण अग्रवाल की बिल्डिंग मैटीरियल की दुकान पर रविवार की शाम नादौला भरतपुर (राजस्थान) से एक डंपर काली डस्ट लेकर आया था। वहीं एक ट्राला गिट्टी लेकर पहुंचा था। ट्राला चालक राजकुमार और ललित पुत्रगण महेंद्र सिंह निवासी अरनिया गढ़ी पास ही खड़े थे। तभी उनके गांव के ही निवासी चंचल (35) पुत्र रामेश्वर और अतुल (26) पुत्र कृष्णपाल सिंह भी वहां आ गए। ललित के साथ चंचल और अतुल को ट्राला के केबिन में बिठाकर राजकुमार कुछ सामान लेने चले गए।
इसी बीच डंपर चालक डस्ट उतारने लगा। डंपर का जैक टूट गया और डंपर ट्राला के केबिन पर जा गिरा, जिससे केबिन पूरी तरह से दब गया। इसमें बैठे ललित, अतुल और चंचल की मौत हो गई। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।